ब्रिटेन सहित दुनिया के 16 देशों में फैल चुका कोरोना का नया रूप (स्ट्रेन) भारत में भी पैर पसार रहा है। ब्रिटेन से लौटे 14 और लोगों में बुधवार को वायरस के नए स्ट्रेन की पहचान हुई। बीते दो दिन में देश में 20 लोगों में नए स्ट्रेन की पहचान हो चुकी है। इनमें नोएडा सहित दो यूपी के हैं। मंगलवार तक सात लोगों में नया स्ट्रेन मिला था। आशंका है कि अगले कुछ दिन यह संख्या और भी ज्यादा हो सकती है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया, ब्रिटेन से भारत लौटे यात्रियों में नए स्ट्रेन की पहचान की जा रही है। 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच 33 हजार लोग ब्रिटेन से भारत आए इनमें 114 कोरोना संक्रमित मिले थे। संक्रमितों में से अब तक 107 लोगों के सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग हो चुकी है, जिनमें 20 में नया स्ट्रेन मिला है। सात लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। हालात पर करीब से नजर रखी जा रही है और सतर्कता बढ़ाने, संक्रमण रोकने, जांच बढ़ाने और सैंपल को लैब भेजने के लिए राज्यों को लगातार सलाह दी जा रही है।
दिल्ली लैब में मिले नए मामले
मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली स्थित एनसीडीसी लैब में 14 सैंपल भेजे गए थे। इनमें आठ में नया स्ट्रेन मिला। कोलकाता और पुणे की लैब में एक-एक, निम्हांस में सात, सीसीएमबी में दो और आईजीआईबी लैब में एक सैंपल में नया स्ट्रेन मिला है। यह सभी कोरोना मरीज फिलहाल आइसोलेशन में हैं। इनके परिवार और संपर्क में आने वाले लोगों की जांच भी कराई जा रही है।
हवाई यात्रा का प्रतिबंध एक सप्ताह बढ़ा
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक ब्रिटेन में नया स्ट्रेन फैलने की वजह से 23 से 31 दिसंबर तक हवाई उड़ानों पर रोक लगाई गई थी। हाल ही में सामने आए 20 केस देखते हुए हवाई यात्रा पर रोक एक सप्ताह और बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया, संयुक्त निगरानी समूह ने हालात पर बैठक के दौरान हवाई यात्रा पर रोक को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। अब सात जनवरी तक ब्रिटेन और भारत के बीच हवाई संपर्क प्रतिबंधित रहेगा।
अगले तीन दिन देशभर में सख्ती
भूषण ने सभी राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर अगले तीन दिन सख्ती के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य सचिव ने लिखा है कि साढ़े तीन माह से देश में संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में दिख रही है लेकिन नए स्ट्रेन के सुपर स्प्रेडर बनने और भारत में कई मामले मिलने के बाद नए साल के जश्न में सख्ती बरतना जरूरी है। 30 दिसंबर से एक जनवरी तक राज्य कोविड-19 दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन कराएं।
लैब कुल सैंपल नया स्ट्रेन
एनसीडीसी दिल्ली 14 8
एनआईबीजी, कोलकाता 7 1
एनआईवी पुणे 50 1
निम्हांस 15 7
सीसीएमबी 15 2
आईजीआईबी दिल्ली 06 1
कुल 107 20
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक 31 तक बढ़ी
कोरोना महामारी के मद्देनजर नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक 31 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने बुधवार को बताया, इस दौरान कुछ खास गंतव्यों के लिए आवश्यकता और अनिवार्यता के आधार पर संबंधित प्राधिकरण की मंजूरी के बाद ही उड़ानें संचालित होंगी। कोरोना को देखते हुए 23 मार्च से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक जारी है।
कोरोना के नए स्ट्रेन के सबसे अधिक मामले दिल्ली में मिले हैं। दिल्ली की एनसीडीसी लैब में 14 में से 8 नमूने नए स्ट्रेन के मिले हैं। वहीं बंगलूरू की निमहंस लैब में इसके संक्रमितों की संख्या सात है। कोलकाता और पुणे की लैब में कोरोना के नए रूप के एक-एक मामले मिले हैं। सीसीएमबी हैदराबाद में दो नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक्स एंड इंटीग्रेटिव बायोलॉजी में एक सैंपल पॉजिटिव पाया गया है।
कुल मिलाकर देश की 10 लैब में 107 नमूनों की जांच की गई है। इनमें से 20 मरीज कोविड के नए प्रकार से पॉजिटिव मिले हैं। बता दें कि यह आंकड़ा 29 तारीख तक की जांच का है। माना जा रहा है कि इसमें और इजाफा हो सकता है। सबसे पहले ब्रिटेन में मिला वायरस का नया स्वरूप डेनमार्क, हॉलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इटली, स्वीडन, फ्रांस, स्पेन, स्विट्जरलैंड, जर्मनी, कनाडा, जापान, लेबनान और सिंगापुर में भी पाया गया है।
यह भी पढ़ें- Coronavirus India: ब्रिटेन से लौटे छह लोगों में मिला कोरोना का नया स्ट्रेन, सभी पॉजिटिव को आइसोलेट किया
कोलकाता में कोरोना वायरस के नए ‘स्ट्रेन’ का पहला मामला आया सामने
पश्चिम बंगाल में ब्रिटेन में सामने आए कोरोना वायरस के नए प्रकार (स्ट्रेन) का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी का बेटा लंदन से आने के बाद ‘म्यूटेंट स्ट्रेन’ वीयूआई-202012/01 से संक्रमित पाया गया है।