महाराष्ट्र के पुणे के सरकारी सासून जनरल अस्पताल में बुधवार की रात से कोरोना वायरस से संक्रमित तीन मरीजों की मौत हो गई। इन मौतों के बाद अब जिले में कोरोना वायरस महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 46 हो गई है।
एक अधिकारी ने बताया कि इन तीनों मरीजों की मौत के साथ इस अस्पताल में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 37 हो गई है। हालांकि, इन तीनों मरीजों को दूसरी अन्य बीमारियां भी थीं।
इस मामले पर सासून सामान्य अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि शिवाजीनगर इलाके की 65 वर्षीय महिला की बुधवार रात को मौत हो गई। इस महिला को दूसरी अन्य बीमारियां भी थीं।
अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई। इस व्यक्ति को मधुमेह की बीमारी थी। जबकि, 47 साल की एक अन्य महिला की भी मौत हो गई, जो किडनी की बीमारी से गस्त थी।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही पुणे जिले में कोरोना वायरस महामारी से अभी तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है। बता दें कि जिले में बुधवार की शाम तक कोरोना वायरस के 437 मामले थे।