संत कल्पवृक्ष गिरी (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र के पालघर में दो साधुओं समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है। बता दें कि पुलिस ने पालघर लिंचिंग मामले में 115 लोगों को गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को एक आरोपी की कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस आरोपी को 20 अन्य आरोपियों के साथ वाडा में पुलिस लॉकअप में रखा गया था। हालांकि, जब आरोपी में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है तो इसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिले की सिविल सर्जन डॉक्टर कंचन वानेरे ने बताया, लॉकअप में रखे गए 20 अन्य आरोपियों और 23 पुलिसवालों को क्वारंटीन किया गया है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि यह आरोपी कितने लोगों के संपर्क में आया है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस आरोपी को कैसे कोरोना वायरस हुआ।"
सूत्रों के मुताबिक, 18 अप्रैल को इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों का कोरोना वायरस टेस्ट किया गया था। हालांकि तब सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इसके बाद शुक्रवार को फिर से सभी का दोबारा कोरोना वायरस टेस्ट कराया गया, जहां रात को एक आरोपी कोरोना पॉजिटिव पाया गया।