कोरोना महामारी का अंत न दिखता देख वैज्ञानिक अब दूसरी पीढ़ी की टीकों के निर्माण पर निगाह बनाए हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की चीफ साइंटिस्ट डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने कहा है कि अब नेजल स्प्रे और ओरल वर्जन (नाक और मुख से दी जाने वाली) वैक्सीन के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है।
एक दिन में ही 4 फीसदी मरीजों की मौत
देश में कोरोना के दैनिक नए मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है लेकिन संक्रमण के चलते मौतें काफी संख्या में बढ़ गई हैं। पिछले एक दिन में ही चार फीसदी मरीजों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि इससे पहले तक यह दैनिक मृत्युदर एक फीसदी के आसपास ही दर्ज की जा रही थी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि पिछले एक दिन में कोरोना वायरस के 11,466 नए मामले सामने आए हैं और 460 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 11961 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इससे पहले बीते नौ नवंबर को देश में 10,126 नए मामले सामने आए थे, जो कि 266 दिनों में सबसे कम थे और इस बीच 332 (3.27 फीसदी) लोगों की मौत हुई थी। ब्यूरो
अब कोवाक्सिन को हांगकांग में मिली मान्यता
हांगकांग। हैदराबाद की फॉर्मा कंपनी भारत बायोटेक के टीके कोवाक्सिन को हांगकांग ने मान्यता दे दी है। मालूम हो कि दुनियाभर के 96 देशों ने भारत में इस्तेमाल हो रही कोविशील्ड और कोवाक्सिन को अपने यहां मंजूरी दे दी है। डब्ल्यूएचओ ने कुछ दिन पहले ही कोवाक्सिन को इमरजेंसी में इस्तेमाल होने वाले टीकों की सूची में डाला है। एजेंसी