बीते कुछ दिनों में देश भर में कोविड के मामलों की संख्या बढ़ी है। इसमें सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक और दिल्ली समेत तमिलनाडु से हैं। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की कोविड मामलों पर नजर रखने वाली एजेंसी से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि सतर्कता तो बरतनी है लेकिन डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। देश के चीफ एपिडेमोलॉजिस्ट डॉक्टर समीरन पांडा के मुताबिक कुछ राज्यों के कुछ विशेष जिलों में ही यह मामले बढ़े हैं। जिनसे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय लगातार संपर्क में है और उनकी मॉनिटरिंग की जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक इस वक्त पूरे देश में सबसे ज्यादा केरल में कोरोना के सक्रिय मामले हैं। गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक केरल में 11263 मामले कोरोना के हैं। जिसमें 2271 नए मामले गुरुवार को दर्ज किए गए। इसी तरह पूरे देश में महाराष्ट्र नंबर दो पर है, जहां सबसे ज्यादा कोरोना के मामले हैं और मरीजों के बढ़ने की संख्या देश में पहले नंबर पर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को महाराष्ट्र में 2701 नए मामले सामने आए। जबकि पूरे महाराष्ट्र में इस वक्त 9806 मामले कोरोना के सक्रिय हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में तीसरे नंबर पर कर्नाटक की स्थिति है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार को 564 नए मामले सामने आए, जबकि 1691 मामले कोरोना के सक्रिय हैं। कर्नाटक में संक्रमित मामलों की संख्या 2623 है, जबकि 376 नए मामले सामने गुरुवार को आए हैं। तमिलनाडु में संक्रमित मामलों की संख्या 1021 है जबकि गुरुवार को 195 मामले सामने आए हैं।
डॉक्टर समीरन पांडा कहते हैं कि अभी भी लोगों को मास्क लगाकर ही घर से निकलना चाहिए। इसके पीछे उनका तर्क है कि एक तो कोरोना वायरस से बचाव हो सकेगा, इसके अलावा जिन शहरों में प्रदूषण की समस्या है उससे भी लोगों को निजात मिलेगी। वह कहते हैं कि मास्क सिर्फ कोरोनावायरस से ही बचाव नहीं करता है, बल्कि अन्य वायरस से फैलने वाली बीमारियों पर भी अंकुश लगाता है। उनका कहना है कि यह अभी शोध का विषय है कि मास्क लगाने से कोरोनावायरस के अलावा अन्य कौन सी बीमारियों में बचाव के संकेत मिले हैं। देश के मुख्य महामारी विशेषज्ञ डॉक्टर पांडा कहते हैं कि कुछ विशेष राज्यों में आ रहे कोरोना मामलों के चलते बीते कुछ दिनों में पब्लिक प्लेस पर मास्क की अनिवार्यता कर दी गई है।