देश में कोरोना के मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। इस बीच केरल में रविवार को कोरोना के 51,570 मामले सामने आए। इस दौरान 32,701 लोगों ने कोरोना को मात दी और 14 लोगों की मौत हुई। राज्य में फिलहाल 3,54,595 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
बीजिंग के और इलाके सील, कोरोना के 12 मामले मिले
चीन की राजधानी बीजिंग में कोरोना वायरस के दो और मामले मिलने के बाद शहर के उत्तरी जिले के कई रिहायशी इलाकों को सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि चाओयांग जिले के एंझेन्ली इलाके को शनिवार को सील किया गया था और किसी को भी परिसर से बाहर निकालने की इजाज़त नहीं है। चीन शुक्रवार को ओलंपिक खेलों के उद्धाटन समारोह का आयोजन करने की तैयारी कर रहा है जिसके मद्देनजर बीजिंग हाई अलर्ट पर है।
रूस में पहली बार एक दिन में एक लाख से ज्यादा संक्रमित
रूस में कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद से पहली बार एक दिन में संक्रमितों की संख्या एक लाख से ज्यादा पहुंच गई है। देश की कोरोना वायरस टास्क फोर्स ने बताया कि शनिवार को रूस में पहली बार एक दिन में 1,13,122 लोग संक्रमित मिले। अधिकारियों ने इसके लिए कोरोना के ओमिक्रॉन स्वरूप को जिम्मेदार ठहराया है। बीते 24 घंटे में 668 लोगों की मौत भी हो गई। रूस में अब तक कोरोना वायरस के कारण 7 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा ने खुद को किया आइसोलेट
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने एक करीबी सहयोगी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद खुद को मंगलवार तक के लिए आइसोलेट कर लिया है। यह व्यक्ति उनके साथ निकट संपर्क में आया था। सरकार ने बताया कि केरीकेरी शहर से ऑकलैंड की उड़ान के दौरान उस व्यक्ति के संक्रमित होने का खुलासा हुआ। उसकी जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट एक दिन बाद मिलने की संभावना है।
चीन में बीजिंग के आसपास लॉकडाउन
विंटर ओलंपिक में केवल पांच दिन बाकी हैं। खेलों को कोरोनामुक्त कराने के लिए चीन ने बीजिंग के आसपास के कई इलाकों में लॉकडाउन लागू कर दिया है। इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसके कारण बिना किसी जानकारी के 20 लाख से ज्यादा लोग अपने घरों में कैद रहने पर मजबूर हो गए हैं। उधर, तमाम सावधानियां बरतने के बाद भी बीजिंग में जून-2020 के बाद सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित सामने आए हैं।
नेशनल हेल्थ कमीशन (एनएचसी) की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को बीजिंग में कोरोना के 20 नए मामले आए। सबसे ज्यादा संक्रमित फेंगताई जिले में मिले हैं। वहां के अधिकारियों ने कई आवासीय परिसरों पर लॉकडाउन लागू कर दिया है।
अधिकारियों ने शहर के 20 लाख लोगों के टेस्ट की प्रक्रिया शूरू कर दी है। वैसे चीन अपने यहां कोरोना के मामले दुनिया के बहुत से देशों से बेहद कम रखने में अब तक कामयाब रहा है। बीच-बीच में उसके शहरों में संक्रमित सामने आते रहे हैं। अब चीन के राष्ट्रीय पर्व चंद्र नव वर्ष पर नई चुनौती आने वाली है। इस पर्व पर चीन में राष्ट्रीय अवकाश रहता है। लाखों लोग छुट्टियां लेकर अपने घर पहुंचेंगे और परिजनों से मिलेंगे।
आयोजन में जुटे कर्मचारी बाकी लोगों से अलग
ओलंपिक के आयोजन में लगे कर्मचारियों को बाकी जनता से अलग रखा जा रहा है। इसका कारण उन्हें संक्रमण के खतरे से बचाना है। आयोजन स्थल के भीतर रोज 60 हजार लोगों का टेस्ट किया जा रहा है। आयोजकों को शनिवार को खेलों से जुड़े 36 मामले मिले थे। 4 जनवरी को आयोजन स्थल सील होने के बाद से अब तक 100 से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं। एनएचसी ने बताया कि देश के अन्य स्थानों पर रविवार को 54 नए मामले सामने आए। हेंगझोऊ जिला नया हॉटस्पॉट बताया जा रहा है।
ब्रिटेन के स्कूलों में लौट आया मास्क
नए ओमिक्रॉन स्वरूप से बच्चों को खतरे के मद्देनजर ब्रिटेन के स्कूलों में मास्क फिर लागू कर दिया गया है। उधर, अमेरिका में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ चुके मिट रोमनी भी संक्रमित हो गए हैं।
इसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। यूक्रेन में महामारी की शुरुआत के बाद से मौतों का आंकड़ा एक लाख के पार जा पहुंचा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा ने बताया कि बच्चों को खतरे से बचाने के लिए ब्रिटेन ने इस सप्ताह पांच से 11 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा।