देश के कई प्रमुख एयरपोर्ट का संचालन कर रही अडाणी एयरपोर्ट्स ने अहमदाबाद, लखनऊ और मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर पार्किंग शुल्क में समयबद्ध छूट देने का फैसला लिया है। कंपनी ने कोरोना महामारी को देखते हुए नागरिकों को यह छोटी-सी राहत दी है।
इस बारे में जानकारी देते हुए अडाणी एयरपोर्ट्स के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि हमने अपने हवाई अड्डों पर यात्रियों को लेने या छोड़ने के लिए आने वाले निजी वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क माफ करने का फैसला किया है। हवाई अड्डे से बाहर निकलने वाले सभी लोगों के लिए मुफ्त सेवा 10 मिनट के भीतर उपलब्ध होगी। यह लाभ लाखों हवाई यात्रियों को मिलेगा।
हवाई अड्डों का उपयोग करने वाले यात्रियों को अडाणी समूह द्वारा यह सुविधा अहमदाबाद के सरदार वल्लभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिलेगी।
अडाणी समूह का कहना है यह सुविधा वर्तमान में चल रही महामारी के दौरान हमारे साथी नागरिकों पर बोझ को कम करने के लिए एक छोटा सा प्रयास है।