फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना संकट: 15 दिन में बदतर हुए हालात, हर 100 संक्रमित में पंजाब-बंगाल में दो और यूपी में एक की मौत

Fri, 30 Apr 2021 03:55 AM IST
देव कश्यप अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

  • पहली बार एक दिन में 3,79,257 मामले मिले, 3645 लोगों की संक्रमण से मौत
विज्ञापन
कोरोना की रफ्तार से बदतर हुए हालात (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में कोरोना वायरस के तेजी से फैलते संक्रमण के चलते बीते 15 दिन में हालात और बिगड़ गए हैं। एक दिन में पहली बार देश में 3,645 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। कई शहरों में कोरोना से होने वाली मृत्युदर 2.5 फीसदी तक पहुंच गई है।

विज्ञापन


वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर यह दर 1.11 फीसदी है। पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल में हर 100 संक्रमितों में दो की मौत हो रही है। वहीं, दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में एक फीसदी से ज्यादा मौत हो रही है। देश में 14 अप्रैल को 1,027 मौतों के साथ मरने वालों का आंकड़ा 1.71 लाख था, जो अब बढ़कर 2,04,812 हो चुका है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया, एक दिन में 3,79,257 नए मामले मिले हैं। पहली बार इतने मामले दर्ज किए गए हैं। इन्हें मिलाकर अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 1,83,68,096 हो गई है।  मंत्रालय ने बताया कि देश में सक्रिय मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है। पहली बार देश में 30,84,814 सक्रिय मरीज हैं, जिनका इलाज घर और अस्पतालों में चल रहा है।
विज्ञापन


बीते एक दिन में 1,06,105 सक्रिय मामले बढ़े हैं। देश में सक्रिय दर 16.79 फीसदी हैं। राहत की बात है कि पिछले एक दिन में 2,69,507 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया है। अब तक देश में वायरस से 1.50 करोड़ से भी अधिक लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि, हर दिन नए मामले बढ़ने से ठीक होने की दर घटकर 82 फीसदी पर आ चुकी है।

ऑक्सीजन संकट और बेड अहम वजह
विशेषज्ञों ने मरने वालों का आंकड़ा दोगुना होने की अहम वजह ऑक्सीजन संकट और अस्पतालों में बिस्तरों के अभाव को बताई है।

88 वर्षीय पूर्व पीएम मनमोहन ने कोरोना को दी मात
कोरोना से संक्रमित होने के कारण अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को बृहस्पतिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। मनमोहन सिंह को 19 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। डॉ. सिंह कोरोना टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं। मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर ने चार मार्च को एम्स जाकर टीके की पहली खुराक ली थी।

प्रधानमंत्री ने बुलाई मंत्रिपरिषद की बैठक
कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों पर काबू पाने के उपायों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने संपूर्ण मंत्रिमंडल की एक बैठक बुलाई है। बैठक में न सिर्फ कैबिनेट स्तर के मंत्री, बल्कि स्वतंत्र प्रभार और राज्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे। वर्चुअल तरीके से बुलाई इस बैठक में कोरोना महामारी पर तेजी से काबू पाने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा होगी। बैठक में प्रधानमंत्री विभिन्न राज्यों में महामारी की स्थिति की समीक्षा करेंगे। साथ ही अस्पतालों में बेड की उपलब्धता, ऑक्सीजन की उपलब्धता, वैक्सीन के टीकाकरण की स्थिति और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता जैसे अहम विषयों पर भी चर्चा करेंगे।

अमेरिका ने अपने नागरिकों से भारत छोड़ने को कहा
अमेरिका ने अपने नागरिकों को भारत की यात्रा न करने और जो नागरिक अभी भारत में हैं, उन्हें जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। भारत में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्त्रस्मण को लेकर जारी एडवाइजरी में अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, भारत में संक्रमण बढ़ने से सभी तरह की चिकित्सकीय संसाधन नाकाफी साबित हो रहे हैं। कई जगहों पर जांच का बुनियादी ढांचा ही ध्वस्त हो गया। अमेरिकी नागरिकों को अभी उपलब्ध सीधी उड़ानें और पेरिस-फ्रैंकफर्ट से होकर आने वाली उड़ानों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

कोवाक्सिन भी सस्ती, राज्यों को 400 में मिलेगी
भारत बायोटेक ने भी बृहस्पतिवार को कोरोना रोधी टीके कोवाक्सिन की कीमत घटा दी है। वह अब यह टीका राज्यों को 600 रुपये की जगह 400 रुपये में देगी। इससे पहले बुधवार को सीरम इंस्टीट्यूट ने राज्यों के लिए अपने टीके कोविशील्ड की कीमत 400 रुपये से घटाकर 300 रुपये कर दी थी।

पंचायती अखाड़ा के पंच परमेश्वर मनीष भारती का कोराना से निधन
हरिद्वार स्थित पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के पंच परमेश्वर महंत मनीष भारती का बृहस्पतिवार को एम्स, ऋषिकेश में निधन हो गया। भारती कोरोना संक्रमित थे। उन्हें आठ दिन पूर्व एम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। अखाडे़ के महंत रवींद्र पुरी ने संत के कोविड संक्रमित होने की पुष्टि की थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें