तमिलनाडु से पिछले हफ्ते नाव समेत लापता हुए 11 मछुआरे सुरक्षित हैं। उन्हें कन्याकुमारी लाया जा रहा है। भारतीय तटरक्षक बल ने बृहस्पतिवार को बताया कि ओमान तट के पास एक जहाज की टक्कर लगने के बाद मछुआरों की नाव लापता हो गई थी। तटरक्षक बल ने एक ट्वीट कर बताया कि भारतीय तटरक्षक बल का जहाज विक्रम लापता नाव मर्सडीज के 11 मछुआरों को लेकर आ रहा है।
मछुआरों के कन्याकुमारी के थेंगापट्टनम बंदरगाह पर एक मई तक पहुंचने की संभावना है। इससे पहले बुधवार को तटरक्षक बल ने एक ट्वीट में कहा था कि समुद्र और वायु मार्ग से चलाए गए अभियान में आईसीजे डोनियर ने मछुआरों की नाव को देखा और उनसे संपर्क स्थापित किया।
भारतीय तटरक्षक बल के जवानों ने पिछले शनिवार से 11 मछुआरों सहित गायब नौका का पता लगा लिया था। अधिकारियों ने बताया कि यह नौका लक्षद्वीप से 370 किलोमीटर दूर मिली और उसमें सवार सभी मछुआरे सुरक्षित हैं।
उन्होंने बताया कि नौका मर्सिडीज 6 अप्रैल को तमिलनाडु के तेंगापट्टनम से निकली थी और गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए पश्चिमी केरल की ओर बढ़ गई। तमिलनाडु के अधिकारियों ने पिछले शनिवार को किसी अन्य नौका का मलबा देखा। उन्हें लगा कि मर्सिडीज डूब गई। उसके बाद उन्होंने तटरक्षक बल को इसकी जानकारी दी। जवानों ने इसकी तलाश शुरू की और बचाव दल ने चार दिन की मशक्कत के बाद नौका का पता लगा लिया।