देश में कोरोना वायरस की रफ्तार ने डर पैदा कर दिया है। चार महीने बाद इसके सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को देश में संक्रमण के करीब 40 हजार मामले आए जो करीब चार महीने में एक दिन में आए सबसे अधिक मामले हैं। अब कई राज्यों में सख्त कदम उठाए जाने लगे हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है महाराष्ट्र और पंजाब लगातार मामले बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र में 25,681 नए मामले सामने आए। महाराष्ट्र और पंजाब में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पाबंदियां और कड़ी कर दी गईं।
110 दिन का रिकॉर्ड टूटा
बीते 24 घंटों में मिले नए मामलों ने 110 दिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछले साल 29 नवंबर को एक दिन में 38 हजार कोरोना मरीज मिले थे। इसके बाद संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने लगी थी। इस साल 1 फरवरी को 8,635 नए कोरोना केस दर्ज किए गए थे, जो एक दिन में सबसे कम मामले थे।
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रकरणों को देखते हुए मध्यप्रदेश के तीन शहरों इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर में शनिवार रात्रि 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। इसके अलावा, प्रदेश के भोपाल, इंदौर एवं जबलपुर नगरों में आगामी 31 मार्च तक स्कूल एवं कॉलेज बंद रहेंगे।
मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाएं तथा उद्योग चालू रहेंगे। अधिकारी ने बताया, ‘‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार शाम को मंत्रालय में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की और यह निर्णय लिया।’’
चौहान ने कहा कि प्रदेश में कोरोना के प्रकरण बढ़ रहे हैं। फिर से गंभीर स्थिति न हो, इससे बचने के लिए मेरा प्रदेश की जनता से अनुरोध है कि सभी अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं, दो गज की दूरी रखें, कहीं भीड़ न करें और कोरोना संक्रमण को रोकने में अपना योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं, वे ना केवल अपनी, अपनों की बल्कि समाज में सभी की जिंदगी खतरे में डाल रहे हैं। सरकार सभी आवश्यक इंतजाम कर रही है, परंतु संक्रमण रोकने के लिए आप सभी का पूरा सहयोग बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर में रविवार को लॉकडाउन के दौरान सामाजिक समारोह आयोजित करने के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।
मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1140 नए मामले सामने आने के साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 2,73,097 तक पहुंच गई। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से और सात व्यक्तियों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 3,901 हो गई है।
मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार को कोविड-19 के 309 नये मामले इंदौर में आये, जबकि भोपाल में 272 एवं जबलपुर में 97 नए मामले आये।
कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,587 नए मामले, 10 और मरीजों की मौत
वहीं, कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,587 नए मामले सामने आए तथा 10 और मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को कहा कि इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 9,66,689 हो गए और मृतकों की संख्या 12,425 पर पहुंच गई।
राज्य में लगातार चौथे दिन संक्रमण के एक हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। शुक्रवार शाम तक के आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 के 9,42,178 मरीज ठीक हो चुके हैं और अभी 12,067 मरीज उपचाराधीन हैं।
गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,415 नये मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या 2,83,864 पर पहुंच गई। राज्य सरकार ने कल आठ प्रमुख शहरों में स्कूलों को ऑनलाइन शिक्षा जारी रखने को कहा था। सरकार ने शुक्रवार को सभी टयूशन कक्षाओं को 10 अप्रैल तक बंद रखने के आदेश दिए।
दिन के दौरान विभिन्न अस्पतालों में कोविड-19 से अहमदाबाद, राजकोट, सूरत और सुरेन्द्रनगर में एक-एक मरीज की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या 4,437 हो गई। विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान 948 और लोग स्वस्थ हुए। अब तक राज्य में 2,73,280 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। गुजरात में स्वस्थ होने की दर 96.27 प्रतिशत है। राज्य में अभी 6,147 मरीज उपचाराधीन हैं।
सूरत में एक घंटा बढ़ाया गया रात्रि कर्फ्यू
गुजरात में बीते 24 घंटे में 1276 केस मिले हैं, जिनमें से 300 केस सूरत में मिले। इसके बाद सूरत नगर निगम ने रात्रि कर्फ्यू को एक घंटा बढ़ा दिया है। कर्फ्यू अब रात 10 बजे की जगह नौ बजे से सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। अन्य राज्यों से आने वाले और सूरत के होटल व गेस्ट हाउस में ठहरने वालों को नेगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट दिखानी होगी।
लापरवाही की तो सख्त कदम उठाएगी सरकार: गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य के सभी लोगों को कोरोना वायरस संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर की आशंका के मद्देनजर लोगों को चेताते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को लापरवाही की इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मास्क पहनने की अनिवार्यता का कानून लागू है और सभी लोग इसका पालन आवश्यक रूप से करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर लोग लापरवाही करेंगे तो सरकार और भी सख्त कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ा है। और राजस्थान में भी संक्रमण के मामले बढ़े हैं।
गहलोत ने कहा कि राजस्थान अब तक टीकाकरण में सबसे आगे रहा है। हमें इस काम को और तेजी से आगे बढ़ाना होगा। हालांकि यह कार्य टीके की अधिक आपूर्ति से ही संभव हो सकेगा।
दिल्ली में कोविड-19 के इस साल के सर्वाधिक 716 नए मामले आए
दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 716 नए मामले सामने आए, जो इस साल अब तक आए सबसे अधिक दैनिक मामले हैं, जबकि बीमारी से चार और लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। बुलेटिन के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक दिन पहले के 2,924 से बढ़कर 3,165 हो गई और 6.32 लाख लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। संक्रमण दर 0.76 प्रतिशत से बढ़कर 0.93 प्रतिशत हो गई।
बुलेटिन में कहा गया कि 716 नए मामलों के बाद राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 6,46,348 हो गए। बीमारी से चार और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 10,953 हो गई। दिल्ली में बृहस्पतिवार और बुधवार को 607 और 536 नए मामले आए। मंगलवार को 425 मामले आए थे।
बिहार सरकार ने कोरोना की आपात स्थिति का हवाला देते हुए पांच अप्रैल तक सभी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अस्पतालों को पूरी क्षमता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं देने की घोषणा की गई हैं। वहीं, यूपी के गोरखपुर में मुंबई, दिल्ली, छत्तीसगढ़, पंजाब, केरल, कर्नाटक व तमिलनाडु से आने वालों को 14 दिन तक होम क्वारंटीन करने का फैसला किया गया है।
तेलंगाना में छात्रों के बीच कोविड-19 के दो और क्लस्टर पाए गए
तेलंगाना में स्कूली छात्रों के बीच कोविड-19 के दो और क्लस्टर (केंद्र) चिह्नित किए गए हैं। शुक्रवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी एसटी ब्वॉयज हॉस्टल में रह रहे 22 छात्र और दो अन्य छात्र और जागतियाल शहर के एक सामाजिक कल्याण स्कूल की 17 छात्राएं कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं।
बंगाल में 347 नए मामले
पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को 347 नए मामले आने से अबतक राज्य में संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 5,79,826 हो गई है जबकि गत 24 घंटे में एक मरीज की मौत हुई है। राज्य में अबतक 10,301 मरीजों की जान इस महामारी में जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक सबसे अधिक 99 नए मामले राजधानी कोलकाता में आए हैं।
पश्चिम बंगाल में बढ़ते कोरोना मामलों पर चिंता जताते हुए डॉक्टरों के एक समूह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को रैलियों में मास्क अनिवार्य करने की सलाह दी। डॉक्टरों ने कहा, चुनावी माहौल में कोरोना प्रोटोकाल को धड़ल्ले से नजरंदाज किया जा रहा है। उन्होंने साथ ही कोविड अस्पतालों में बिस्तर और मुफ्त वेंटिलेटर नहीं होने का भी मुद्दा उठाया।
डॉ. हीरालाल कोनार और डॉ पुण्यव्रत गुण ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखे पत्र में कहा, बीते सात दिनों में पश्चिम बंगाल में कोरोना मरीज तेजी से बढ़े हैं। साथ ही कई मरीजों में म्यूटेंट स्ट्रेन भी मिले हैं।
वहीं इस दौरान जांचें भी कम हो रही हैं। कई मरीजों को दोबारा कोविड आईसीयू में भर्ती किया गया है और अस्पतालों में बिस्तरों की कमी होने लगी है, मुफ्त वेंटिलेटर भी सीमित ही बचे हैं। डॉक्टरों ने कहा कि दूसरी लहर से इनकार नहीं किया जा सकता और मौजूदा स्थिति चिंताजनक है।
छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस संक्रमण के 1097 नए मामले
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 1097 नए मामले सामने आये है। राज्य में इस वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या 3,21,880 हो गई है। राज्य में शुक्रवार को 35 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, वहीं 298 लोगों ने घर में पृथक-वास (होम आइसोलेशन) की अवधि को पूर्ण किया है। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित नौ मरीजों की मौत हुई है।
छत्तीसगढ़ में पिछले दो माह के दौरान यह पहली बार है जब एक ही दिन में बड़ी संख्या में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले आए हैं।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि आज संक्रमण के 1097 मामले आए हैं। इनमें रायपुर जिले से 382, दुर्ग से 320, राजनांदगांव से 48, बालोद से नौ, बेमेतरा से 25, कबीरधाम से सात, धमतरी से 23, बलौदाबाजार से 22, महासमुंद से 19, गरियाबंद से चार, बिलासपुर से 51, रायगढ़ से 13, कोरबा से 28, जांजगीर—चांपा से दो, मुंगेली से सात, गौरेला पेंड्रा मरवाही से 13, सरगुजा से 44, कोरिया से 10, सूरजपुर से 13, बलरामपुर से चार, जशपुर से 34, बस्तर से तीन, कोंडागांव से तीन, कांकेर से आठ, नारायणपुर से दो और बीजापुर से तीन हैं।