भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को आकड़े 37 लाख के पार हो गए। बुधवार को एक दिन में 78,357 नए मामले सामने आए। ऐसे में बुधवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) ने जानकारी दी है कि भारतीय और अमेरिकी वैज्ञानिकों की 11 टीमें जल्द ही संयुक्त रूप से कोरोना वायरस किट, विषाणु रोधी इलाज पद्धति, मौजूदा दवाओं के कारगर उपयोग, वेंटिलेटर शोध और सेंसर आधारित कोविड-19 लक्षण पहचान तकनीक विकसित करने पर काम करेंगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1,045 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 66,333 हो गई है। वहीं, अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 29 लाख से ज्यादा हो गई है और जांच में तेजी आई है।