कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
हाल ही में भाजपा के कई नेताओं की तरफ से सवाल किया गया कि क्या सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने टीके लगवाए हैं ? इस सवाल के उठने के बाद कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला मैदान में उतर गए। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार (16 जून) को कहा कि हर्षवर्धन भारत के स्वास्थ्य मंत्री हैं और उन्हें यह पता होना चाहिए कि कांग्रेस अध्यक्ष कोविड-19 टीके की दोनों खुराकें ले चुकी हैं। सरकार को बेवजह के मुद्दे गढ़ने की बजाय सभी भारतीय नागरिकों का टीकाकरण करने के ‘राजधर्म’ का पालन करना चाहिए।
फिजूल के मुद्दे गढ़ने की जगह टीकाकरण पर ध्यान दे सरकार
सुरजेवाला ने कहा, ‘फिजूल के मुद्दे गढ़ने की बजाय मोदी सरकार को रोजाना 80 लाख से एक करोड़ भारतीय नागरिकों को टीका लगवाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए ताकि 31 दिसंबर, 2021 तक 100 करोड़ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा हो सके।’ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘कोरोना वायरस की दूसरी लहर में भारत के लोगों को निराश करने के बाद इस सरकार का यही राजधर्म बनता है कि वह सभी लोगों का टीकाकरण करवाए।’
राहुल और प्रियंका के टीकाकरण पर भी दी जानकारी
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के टीका लगवाने के सवाल पर भी सुरजेवाला ने जवाब दिया। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी को 16 अप्रैल 2021 को टीका लगवाना था, लेकिन हल्के फ्लू के लक्षण दिखने के बाद उनकी जांच हुई और फिर 18 अप्रैल को उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। पूरी तरह सेहतमंद होने के बाद और चिकित्सकों के परामर्श के मुताबिक वह टीका लगवाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने टीके की एक खुराक ले ली थी, जिसके बाद 28 मार्च को उनके पति (रॉबर्ट वाद्रा) कोरोना से संक्रमित पाए गए। प्रियंका गांधी भी उनके संपर्क में आई थीं। अब वह और उनके पति टीकाकरण के लिए जरूरी अनिवार्य अवधि के बीतने के बाद टीका लगवाएंगे।
कोरोना में कुप्रबंधन के लिए स्वास्थ्य मंत्री और मोदी सरकार जिम्मेदार
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार और स्वास्थ्य मंत्री देश में कोरोना के व्यापक कुप्रबंधन के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा, ‘टीकाकरण को लेकर पिछले छह महीनों में स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के ‘व्यापक कुप्रबंधन’ के कारण सिर्फ 3.51 फीसदी आबादी का टीकाकरण हो पाया है। पिछले छह महीनों के दौरान रोजाना औसतन 17.23 लाख लोगों को टीका लगा।’ कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि जिस गति से देश में टीकाकरण हो रहा है, इस गति से देश के 94.50 करोड़ वयस्क लोगों को टीका लगाने में 944 दिन और लगेंगे। इसका मतलब कि यह टीकाकरण 16 जनवरी, 2024 तक चलेगा।