युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को एक पार्टी कार्यकर्ता की मौत पर विरोध प्रदर्शन से पहले शुक्रवार की सुबह असम पुलिस ने एहतियातन हिरासत में डाल दिया है। उन्हें उसी होटल में रखा गया है, जहां वह पहले रह रहे थे। गुवाहटी पुलिस आयुक्त दिगंता बराह ने इसकी जानकारी दी।
गुवाहटी पुलिस आयुक्त ने कहा, "युवा कांग्रेस ने दिसपुर घेराव कार्यक्रम की योजना बनाई थी। चिब इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए हैं, लेकिन हम इस तरह के घेरा की इजाजत नहीं दे सकते। उन्हें एहतियातन हिरासत में रखा गया है और उन्हें बताया गया कि वह होटल नहीं छोड़ सकते हैं।"
मणिपुर में अशांति और अदाणी समूह के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोपों समेत कई मुद्दों के खिलाफ बुधवार को राजभवन चलो कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता मृदुल इस्लाम की मौत हो गई थी। कांग्रेस प्रवक्ता बेदब्रत बोरा ने दावा किया था कि मृदुल इस्लाम को आंसू गैस के गोले के कारण घुटन महसूस हुई। उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। असम में विपक्षी दल ने राजधानी में दिसपुर घेराव समेत राज्य भर में तीव्र विरोधी कार्यक्रमों की घोषणा की। चिब ने गुरुवार को अन्य नेताओं के साथ मृदुल इस्लाम के परिजनों से मुलाकात की थी।
कांग्रेस ने ठाणे से अपने आठ कार्यकर्ताओं को निलंबित किया
हाल ही में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में स्वतंत्र उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए कांग्रेस ने ठाणे से अपने आठ कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया। पार्टी के एक कार्यकर्ता ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। कांग्रेस की ठाणे शहर जिला इकाई के अध्यक्ष विक्रांत चव्हाण ने एक बयान जारी कर बताया कि कार्यकर्ताओं को आगामी आदेश तक निलंबित रखा जाएगा। पार्टी ने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस ओबीसी सेल के उपाध्यक्ष सुरेश पाटिल खेड़े को भी स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने के लिए छह साल तक निष्कासित कर दिया है।