पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है, इस सीट पर कांग्रेस के सुनील जाखड़ भाजपा उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया से 1.93 लाख वोटों से जीते हैं, आप उम्मीदवार सुरेश खजूरिया की जमानत जब्त हो गई है। दूसरी ओर केरल में हुए विधानसभा उपचुनाव में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने जीत का परचम लहराया है।
सुनील जाखड़ ने भाजपा के उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया को मात दी है। जाखड़ को 4,99,752 वोट, भाजपा के सलारिया को 3,06,533 और आप उम्मीदवार खजूरिया को मात्र 23,579 वोट मिले।
इस जीत के बाद भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नवजोत सिंह सिद्धू के यहां जश्न का माहौल है। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए दिवाली का खूबसूरत तोहफा है।
राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी को जीत की बधाई देते हुए कहा कि ये कांग्रेस की सफल नीतियों का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी 2019 लोकसभा चुनाव के लिए भी तैयार है। सीएम ने यह भी कहा कि सुनील जाखड़ की ओर से किए गए वादों को पंजाब सरकार पूरा करेगी।
The #Gurdaspur by-election marks another major step in the revival of @INCIndia, it's clear that party is on upswing ahead of 2019 LS polls
— Capt.Amarinder Singh (@capt_amarinder) October 15, 2017
दरअसल, एक्टर और भाजपा के नेता विनोद खन्ना के देहांत के बाद से गुरदासपुर सीट खाली हो गई थी। पंजाब के मुख्य दल बीजेपी और कांग्रेस के लिए इसे काफी अहम माना जा रहा था। ऐसा इसलिए क्योंकि इसी साल सत्ता में आने के बाद कांग्रेस की पंजाब में प्रतिष्ठा दाव पर लगी हुई थी।