राफेल लड़ाकू विमान सौदे की आंच संसद के शीतकालीन सत्र में भी महसूस हो सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस मामले को संसद में आक्रामक तरीके से उठाने की तैयारी की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने इसके लिए 'प्रधान भ्रष्ट हैं' नारा तय किया है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस लगातार यह आरोप लगा रही है कि रिलायंस को राफेल की डील सोची समझी रणनीति के तहत दिया गया है।
कांग्रेस बार-बार राफेल मामले में प्रधानमंत्री को घेरने में जुटी हुई है। पार्टी का आरोप है कि पीएम ने मामले पर चुप्पी साध रखी है और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण रोज नये-नये बयान जारी कर रही हैं। इतना ही नहीं दूसरे विभाग के मंत्री भी इस विषय पर सरकार का पक्ष रख रहे हैं। माना जा रहा है कि संसद का शीतकालीन सत्र दिसंबर महीने में आहूत हो सकता है।