गुजरात में कांग्रेस को एक बार फिर तगड़ा झटका लगा है। ताजा घटनाक्रम में शंकर सिंह वाघेला के करीबी तीन कांग्रेस विधायकों ने बृहस्पतिवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। इन सभी ने भाजपा का दामन थाम लिया है।
इसके साथ ही भाजपा ने इनमें से एक बलवंत सिंह राजपूत को राज्यसभा चुनाव में पार्टी के तीसरे उम्मीदवार के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के खिलाफ मैदान में उतारने की घोषणा कर दी।
पार्टी के तीन विधायकों के इस्तीफे के बाद 182 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या घटकर 54 रह गई है। इस्तीफा देने वाले विधायकों में बलवंत सिंह राजपूत (मुख्य सचेतक), तेजश्री बेन पटेल और प्रह्लाद पटेल शामिल हैं।
तीनों ने विधानसभा के साथ ही कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद वे गांधीनगर में भाजपा कार्यालय पहुंचे और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में भगवा दल का दामन थाम लिया। गौरतलब है कि 8 अगस्त को होने वाले राज्यसभा चुनाव में भाजपा के दो अन्य उम्मीदवार अमित शाह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी हैं।
राज्यसभा में गुजरात से 11 सांसद हैं और इनमें से ईरानी, दिलीपभाई पांडया (दोनों भाजपा) और कांग्रेस के अहमद पटेल का कार्यकाल 18 अगस्त को समाप्त हो रहा है। कांग्रेस की ओर से अहमद पटेल नामांकन दाखिल कर चुके हैं।