अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले विभिन्न विपक्षी पार्टियां भाजपा के खिलाफ लामबंदी करने में जुटी हुई हैं। इसी रणनीति के तहत बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की अपनी समकक्ष ममता बनर्जी और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के साथ मुलाकात की। इस बीच, कांग्रेस की तरफ से भी बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस सूत्रों ने दावा किया है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के खिलाफ संयुक्त मोर्चा बनाने के लिए करीब 19 पार्टियों के शीर्ष विपक्षी नेता बैठक करने जा रहे हैं।
अगले महीने होगी बड़ी बैठक
कांग्रेस सूत्रों ने यह भी बताया कि विपक्षी नेताओं की यह बैठक पहले अप्रैल के अंत होने वाली थी, लेकिन 10 मई को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के कारण अब यह चुनाव के बाद होगी। यह भी दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस बैठक की मेजबानी करेंगे। वे इस संबंध में कई अन्य पार्टियों के नेताओं से बात कर चुके हैं और लगातार उनके संपर्क में हैं। यह भी कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ममता बनर्जी और अखिलेश यादव से मुलाकात कर सकते हैं।
नीतीश कुमार ने की ममता बनर्जी और अखिलेश यादव से मुलाकात
आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के विपक्षी दल एक के बाद एक लगातार बैठकें कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने इस महीने की शुरुआत में नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की थी। इसके बाद वे आज पश्चिम बंगाल की अपनी समकक्ष और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जितना संभव हो सके विपक्षी दलों को साथ लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ममता ने कही यह बात
दक्षिणी कोलकाता के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास पर नीतीश कुमार ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक स्वर में भाजपा के खिलाफ 2024 में लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की बात कही। ममता बनर्जी ने कहा कि हमलोगों का मिशन क्लियर है। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि मैं चाहती हूं कि बीजेपी जीरो बन जाए। वे बहुत बड़े हीरो बन गए लेकिन देश में कुछ काम नहीं कर पाए। यह लोग केवल झूठ बोलते हैं। फेक वीडियो बनाते हैं और गुंडागर्दी करते हैं ऐसा नहीं चल सकता। इसीलिए नीतीश जी सब लोगों से बात करेंगे, मैं भी बात कर रही हूं। हम लोग एक साथ मिलकर कर चलेंगे। इसमें कोई पर्सनल ईगो की बात नहीं है। हम लोग एक साथ मिलकर काम करना चाहते हैं। यही मैसेज है। हमलोगों का मिशन क्लियर है।
कांग्रेस की विचारधारा स्वीकार करने वाले किसी भी व्यक्ति का पार्टी में स्वागत: खरगे
इस बीच मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पार्टी ऐसे किसी भी व्यक्ति का स्वागत करेगी, जो उसकी विचारधारा को स्वीकार करता है और पार्टी नेतृत्व के साथ काम करना चाहता है। खरगे ने कहा कि वह भविष्यवाणी नहीं कर सकते कि भविष्य में राजनीति में क्या होगा। जगदीश शेट्टर के भाजपा में वापस आने संबंधी केएस ईश्वरप्पा के बयान पर खरगे ने कहा कि मेरी कोई भविष्यवाणी नहीं है और हमने किसी का खून जांच करके उसे पार्टी में नहीं लिया है। अगर वे हमारी विचारधारा को स्वीकार करते हैं, तो उनका स्वागत है। खरगे 10 मई को होने वाले चुनाव के प्रचार अभियान के तहत कर्नाटक के तटीय जिलों के दो दिवसीय दौरे पर हैं।