पंजाब नेशनल बैंक में किए गए फ्रॉड के आरोपी मेहुल चोकसी को राजनीतिक संरक्षण देने की बात दोहराते हुए कांग्रेस ने दावा किया कि चंडीगढ़ की अदालत ने उसे 4 अगस्त, 2017 को घोषित अपराधी करार दे दिया था। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली से पूछा है कि कैसे नीरव मोदी के अलावा चोकसी कोर्ट के आदेश के बावजूद देश छोड़कर भागने में सफल हुए।
इस मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने पीएम की चुप्पी पर सवाल किए थे। उन्होंने लिखा था- पहले ललित फिर माल्या, अब नीरव भी हुआ फरार, कहां है 'न खाऊंगा, न खाने दूंगा' कहने वाला देश का चोकीदार? साहब की खामोशी का राज जानने को जनता बेकरार, उनकी चुप्पी चीख-चीख कर बताए, वो किसके हैं वफादार। इसके साथ उन्होंने मोदी ने भारत को लूटा हैशटैग का इस्तेमाल किया।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि चंडीगढ़ के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने साल 2017 में ही चोकसी को अपराधी घोषित कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रेड और झूठे दावों के आधार पर जांच का दिखावा कर रही है। सरकार इसके जरिए उस महत्वपूर्ण सवाल से सभी का ध्यान भटकाना चाह रही है। जिसके अनुसार पीएमओ और चंडीगढ़ कोर्ट के आदेश के बावजूद कैसे नीरव और चोकसी देश छोड़कर जाने में सफल हो गए।