कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खरगे ने बेंगलुरु में कहा कि कर्नाटक में 100% हमारी पार्टी सत्ता में वापस आएगी। हमारे नेता कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वे (भाजपा-आरएसएस) यहां स्वायत्त निकायों और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमें संसद से सड़क तक लड़ना है। यह मुश्किल है क्योंकि बेरोजगारी और मुद्रास्फीति है, जीडीपी विकास दर गिर रही है, रुपये का मूल्य गिर रहा है, पेट्रोल-डीजल और आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार ने कहा कि संगठन को मजबूत करना और भाजपा-आरएसएस की प्रतिशोधी नीतियों से लड़ना मेरा कर्तव्य है। वे धर्म के आधार पर देश को बांट रहे हैं। वे पिछड़ों, अनुसूचित जातियों, अल्पसंख्यकों को बांट रहे हैं। वे सब कुछ चुनाव के नजरिए से देखते हैं।
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद के दूसरे उम्मीदवार शशि थरूर की टीम ने पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री से एक खास अपील की। टीम ने कहा कि पीसीसी प्रतिनिधियों को मतपत्र पर अपनी पसंद के नाम के आगे '1' अंकित करने के लिए कहा गया है। उम्मीदवारों में क्रम संख्या '1' पर मल्लिकार्जुन खड़गे हैं और थरूर '2' पर हैं। ऐसे में मतदान करने वालों के लिए शंका की स्थिति पैदा हो सकती है।
थरूर की टीम द्वारा इस मुद्दे को उठाने के बाद मिस्त्री ने उन्हें बताया कि अब पसंदीदा उम्मीदवार के नाम पर '1' के बजाय एक टिक लगाया जाएगा। कल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सभी राज्यों के प्रतिनिधि अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अपने समर्थन वाले उम्मीदवार के लिए 'टिक' चिह्न के साथ मतदान करेंगे। सुचारु मतदान के लिए इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले शनिवार को जारी मतदान के निर्देश में मिस्त्री ने कहा था कि पीसीसी सदस्य उम्मीदवार के नाम के आगे मतपत्र पर '1' का निशान लगाएंगे और मतपत्र को मोड़कर मतपेटी में डाल देंगे।
थरूर की टीम ने मिस्त्री के सामने मामला उठाया था, जिसमें कहा गया था कि इससे मतदाता भ्रमित हो सकते हैं क्योंकि खरगे क्रमांक 1 पर हैं और थरूर क्रमांक 2 पर मतपत्र पर हैं। मिस्त्री ने पसंदीदा विकल्प से पहले '1' लिखने के लिए पार्टी के संविधान का हवाला दिया था।
तकरीबन 137 साल के इतिहास में छठी बार कांग्रेस का अध्यक्ष तय करने के लिए चुनावी मुकाबला कराया जाएगा। इसके साथ ही सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव न लड़ने पर 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई व्यक्ति कांग्रेस की कमान संभालेगा। पार्टी अध्यक्ष पद के लिए मतदान सोमवार को होगा और मतगणना बुधवार को होगी।
खरगे और थरूर इस मुकाबले में एक-दूसरे के सामने हैं। दोनों प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) के 9,000 से अधिक डेलीगेट्स (निर्वाचित मंडल के सदस्य) को अपनी ओर करने के लिए विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे हैं।
कांग्रेस के अध्यक्ष पर के चुनाव की पूरी प्रक्रिया
- सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
- सभी राज्यों के प्रतिनिधि अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अपने समर्थन वाले उम्मीदवार के लिए 'टिक' चिह्न के साथ मतदान करेंगे
- सुचारु मतदान के लिए किए गए इंतजाम
- मतपेटियां 18 अक्तूबर को दिल्ली पहुंचेंगी
- 19 अक्तूबर को मतगणना की जाएगी
- एआईसीसी में भी मतदान केंद्र बनाए गए
- AICC में 50 से अधिक लोग मतदान करेंगे
- पूरी मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और स्वतंत्र होगी
- कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी दिल्ली में मतदान करेंगे
- पार्टी सांसद राहुल गांधी 'भारत जोड़ो यात्रा' पर हैं, वह जहां हैं वहां मतदान केंद्र बनाया गया है