सार
कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पांच राज्यों में वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने असम की जिम्मेदारी भूपेश बघेल और डी.के. शिवकुमार को दी है, जबकि केरल में सचिन पायलट और कन्हैया कुमार मोर्चा संभालेंगे। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के लिए भी वरिष्ठ नेताओं को चुनावी प्रबंधन का जिम्मा सौंपा गया है।
आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने तत्काल प्रभाव से असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इन पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी संबंधित राज्यों में संगठनात्मक समन्वय, चुनावी रणनीति की निगरानी, उम्मीदवार चयन प्रक्रिया और स्थानीय नेतृत्व के साथ तालमेल सुनिश्चित करना होगा।
किसको मिली कहां की जिम्मेदारी?
पार्टी नेतृत्व ने इन राज्यों में चुनावी प्रबंधन बेहतर बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को मैदान में उतारा है। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, असम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और बंधु तिर्की को वरिष्ठ पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये नेता राज्य में चुनाव प्रचार और रणनीति की देखरेख करेंगे।
ये भी पढ़ें: Assam: कांग्रेस ने पांच राज्यों के लिए उम्मीदवार चयन समितियों का किया गठन, प्रियंका गांधी को असम की जिम्मेदारी
केरल में युवा और अनुभवी नेताओं का मिश्रण
केरल में पार्टी ने युवा और अनुभवी नेताओं के मिश्रण पर भरोसा जताया है। यहां सचिन पायलट, के.जे. जॉर्ज, इमरान प्रतापगढ़ी और कन्हैया कुमार को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए मुकुल वासनिक, उत्तम कुमार रेड्डी और काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को जिम्मेदारी मिली है।
मजबूत रणनीति के साथ मैदान में कांग्रेस
पश्चिम बंगाल में चुनावी गतिविधियों की निगरानी के लिए सुदीप रॉय बर्मन और शकील अहमद खान को नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के जरिए कांग्रेस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में पूरी मजबूती और रणनीतिक तैयारी के साथ मैदान में उतरने जा रही है।
अन्य वीडियो-