कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुंबई समेत महाराष्ट्र के अन्य शहरों में प्रदर्शन किया। वहीं इसके जवाब में भाजपा भी सड़कों पर उतर आई और राहुल गांधी से अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को अपमान करने के लिए माफी मांगने की मांग की गई। राहुल ने 2019 में एक चुनावी सभा के दौरान मोदी उपनाम पर टिप्पणी की थी। राहुल के समर्थन में मुंबई से सटे कल्याण शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहर में रेलवे स्टेशन के पास रास्ता रोको धरना दिया। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर कर सड़क को यातायात के लिए खाली कराया।
कांग्रेस नेता विक्रांत चव्हाण के नेतृत्व में ठाणे में बी आर अंबेडकर की प्रतिमा के पास तख्तियां और बैनर लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। उन्होंने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। राकांपा ने भी कई स्थानों पर बैनर भी लगाए कि देश बदले की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा। बैनरों में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान गांधी की बड़ी-बड़ी तस्वीरें लगी हैं।
माफी मांगने पर अड़ी भाजपा
वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राहुल गांधी से माफी मांगने पर अड़ी हुई है। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में राहुल गांधी के खिलाफ धरना दिया। महाराष्ट्र में पार्टी के पूर्व मेयर मिलिंद पाटणकर ने विरोध का नेतृत्व किया, जिसमें उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को मानहानि के मामले में जेल की सजा काटनी चाहिए।
भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत बावनकुले ने कहा कि ओबीसी का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा। राहुल गांधी को ओबीसी से माफी मांगनी चाहिए। मंगल प्रभात लोढ़ा सहित राज्य के भाजपा नेता भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। गांधी को मानहानि मामले में दो साल की सजा सुनाए जाने और फिर उन्हें लोकसभा सदस्यता से अयोग्य करार दिए जाने को लेकर कांग्रेस ने पुणे में विरोध प्रदर्शन किया।
बंगाल, महाराष्ट्र, असम में कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित किए जाने के खिलाफ शनिवार को पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और असम में प्रदर्शन किया। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने हाजरा इलाके में आशुतोष मुखर्जी रोड को अवरुद्ध किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘बदले की राजनीति करने और ‘लोकतंत्र को दबाने की कोशिश करने’ का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ नारेबाजी की।
कोलकाता में राज भवन के गेट के पास युवा कांग्रेस के 50 कार्यकर्ताओं को धरना देते देखा गया। इन कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां थाम रखी थीं, जिन पर राहुल की अयोग्यता की निंदा करने वाला संदेश लिखा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, कई प्रदर्शनकारियों को वाहन में भरकर लालबाजार इलाके में स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय ले जाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि कई प्रदर्शनकारियों को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया था और फिर बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, बर्धमान पूर्व, बर्धमान पश्चिम और जलपाईगुड़ी सहित कई अन्य जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किए।