दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके कांग्रेस नेता अशोक कुमार वालिया ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे अद्भुत क्षमता के स्वामी थे।
ऐसे व्यक्तित्व कभी-कभी ही जन्म लेते हैं। एक राजनीतिक पार्टी का हिस्सा होने के बाद भी दलगत राजनीति से ऊपर रहकर सर्वश्रेष्ठ स्तर की राजनीति कैसे की जा सकती है, इसे कोई अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से सीख सकता है।
शुक्रवार को अटल बिहारी के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए वालिया ने कहा कि विपक्षी दल के नेता होने के बाद भी दिल्ली सरकार को चलाने में, उसकी किसी योजना को आगे बढ़ाने में उनकी सरकार को कभी कोई मुश्किल नहीं आई।
अपने बचपन में अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को ताजा करते हुए अशोक कुमार वालिया ने कहा कि जब उनकी उम्र महज दस या बारह साल की थी, वे अटल बिहारी वाजपेयी का भाषण सुनने पैदल ही घर से ग्यारह किलोमीटर दूर दरियागंज के रामलीला मैदान जाया करते थे।