हफ्तेभर चलने वाले इस आंदोलन का समापन 28 अगस्त को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'महंगाई पे हल्ला बोल' रैली के रूप में होगा। इससे पहले कांग्रेस ने 5 अगस्त को भी महंगाई के खिलाफ व्यापक प्रदर्शन किया था।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस आंदोलन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हताशा में आकर कांग्रेस के पांच अगस्त के आंदोलन को 'काला जादू' बताने का प्रयास किया। यह इस बात को दर्शाता है कि भाजपा सरकार आसमान छूती महंगाई और बेरोजगारी पर अंकुश लगाने में नाकाम रही। कांग्रेस महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ अपनी लड़ाई को आने वाले हफ्तों में और तेज करेगी। महंगाई चौपाल का समापन 28 अगस्त को रामलीला मैदान में 'महंगाई पर हल्ला बोल' रैली के साथ होगा। रैली को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
रैली को राहुल गांधी भी संबोधित करेंगे।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि रामलीला मैदान की रैली को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटियां राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर 'महंगाई पर हल्ला बोल- चलो दिल्ली' कार्यक्रम का आयोजन करेंगी। जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस इन जनविरोधी नीतियों पर लोगों में जागरूकता फैलाती रहेगी और भाजपा सरकार पर उसकी गलत नीतियों को बदलने के लिए दबाव बढ़ाएगी।