सार
परिसीमन बिल पर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार से समर्थन नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर पवार बिल का विरोध करते हैं तो वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगकर उनके पैरों में झुकेंगे। कांग्रेस का दावा है कि 850 सीटों का प्रस्ताव लोकतंत्र को प्रभावित कर सकता है। क्या शरद पवार विपक्ष के साथ खड़े होंगे? क्या कांग्रेस उन्हें समर्थन के लिए मना पाएगी? आइए, विस्तार से समझते हैं...
परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों के बीच समर्थन जुटाने की कोशिश तेज हो गई है। इसी बीच महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से बिल का समर्थन नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर पवार इस विधेयक का विरोध करते हैं तो वह सार्वजनिक रूप से उनसे माफी मांगेंगे और उनके पैरों में झुककर प्रणाम भी करेंगे। वडेट्टीवार ने इसे लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताया।
नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान वडेट्टीवार ने कहा कि शरद पवार लंबे समय से विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी और इंडिया ब्लॉक के साथ वैचारिक रूप से जुड़े रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि पवार महाराष्ट्र और देश के हित को ध्यान में रखते हुए परिसीमन बिल का समर्थन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर पवार अपना फैसला बदलते हैं तो इतिहास में उनका नाम लोकतंत्र बचाने वाले नेता के रूप में दर्ज होगा। वडेट्टीवार ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता उनसे हाथ जोड़कर अपील कर रहे हैं।
वडेट्टीवार ने शरद पवार से माफी मांगने की बात क्यों कही?
वडेट्टीवार ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी का मकसद 85 वर्षीय वरिष्ठ नेता शरद पवार का अपमान करना नहीं था। वह महाराष्ट्र के लोगों की चिंताओं को सामने रखना चाहते थे। उन्होंने कहा कि अगर पवार परिसीमन बिल का समर्थन नहीं करते हैं तो वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के साथ उनके पैरों में झुकने को भी तैयार हैं। शनिवार को उन्होंने पवार के संभावित समर्थन को विश्वासघात बताया था। अब उन्होंने कहा कि अगर पवार बिल का विरोध करते हैं तो वह अपनी बात के लिए उनसे माफी मांगेंगे।
सरकार के प्रस्ताव में क्या है?
- केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है।
- प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की योजना है।
- लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की नई सीमाओं और सीटों के बंटवारे को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।
- सरकार इस बदलाव के जरिये महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना चाहती है।
850 सीटों वाला प्रस्ताव लोकतंत्र को कैसे प्रभावित कर सकता है?
वडेट्टीवार ने राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि प्रस्तावित परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 की जा सकती हैं। उनके मुताबिक, इससे लोकतंत्र कमजोर हो सकता है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस का पक्ष है कि मौजूदा 543 सीटों वाली लोकसभा में ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए। वडेट्टीवार ने कहा कि महिला आरक्षण के लिए परिसीमन को अनिवार्य बताना सही नहीं है।
कांग्रेस के बड़े नेता शरद पवार से क्यों करेंगे मुलाकात?
विपक्षी दलों की कोशिश है कि संसद में 30 नवंबर को पेश होने वाले परिसीमन विधेयक को रोका जाए। इसी सिलसिले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के चेन्नई में द्रमुक नेताओं तथा मुंबई में शरद पवार से मिलने की संभावना है। वडेट्टीवार ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस नेताओं और पवार की प्रस्तावित मुलाकात से कोई रास्ता निकलेगा। उन्होंने पवार से अपील की कि वे विधेयक का समर्थन न करें, क्योंकि उनके मुताबिक इससे देश को नुकसान हो सकता है।