मुंबई के कांदिवली थाने में हीरानंदानी हेरिटेज टीकाकरण मामले में गिरफ्तार 5 आरोपी
- फोटो : PTI (फाइल फोटो)
मुंबई में पकड़े गए फर्जी वैक्सीनेशन कैंप के बाद मुंबई पुलिस इस दिशा में काम कर रही है कि कहीं पेड वैक्सीनेशन कैंप के नाम पर बहुत बड़ा फर्जीवाड़ा तो नहीं हो रहा है। वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता संजय निरुपम ने भी मांग की है कि पेड वैक्सीनेशन कैंप बंद होने चाहिए। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सिर्फ मुंबई ही नहीं बल्कि देश के कई अलग-अलग जगहों पर भी फर्जी वैक्सीनेशन कैंप लगाए गए हैं।
मुंबई के अलग-अलग इलाकों में फर्जी वैक्सीनेशन कैंप में हो रही लगातार गिरफ्तारी और उनकी जानकारी आने के बाद कांग्रेस ने पेड वैक्सीनेशन कैंप को बंद करने की मांग उठाई है। कांग्रेस नेता संजय निरुपम कहते हैं सिर्फ मुंबई नहीं बल्कि ठाणे में भी ऐसे कई फर्जी वैक्सीनेशन कैंप लगाए गए हैं। संजय निरुपम ने मांग की है कि जब सरकार फ्री वैक्सीन की बात कर रही है तो पेड वैक्सीनेशन कैंप लगाने की कोई जरूरत ही नहीं है। उनका कहना है ऐसे पेड वैक्सीनेशन कैंप की कोई निगरानी नहीं होती और नतीजतन लोग धन उगाही करके फर्जी वैक्सीन लोगों को लगा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया चूंकि पेड वैक्सीन की एक डोज तकरीबन डेढ़ हजार रुपये में लगती है, यही वजह है कि रुपयों के लालच में ज्यादातर फर्जी वैक्सीन कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों की जांच होनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने मांग की अगर ऐसे नकली वैक्सीनेशन कैंप लगाए जाते हैं तो पता नहीं कौन सी नई बीमारी लोगों को घेर ले। यह लोगों की जान लेने जैसी कोशिश ही चल रही है।
वहीं इस पूरे मामले में जांच कर रहे मुंबई पुलिस के अधिकारियों का कहना है फर्जी वैक्सीनेशन कैंप के नाम पर हो रही धड़पकड़ से इस बात का तो अंदाजा लग रहा है कि यह मामला सिर्फ मुंबई तक ही नहीं सीमित है। पेड कैंप के नाम पर देश के अलग-अलग हिस्से में भी कई कैंप लगाए जाने की सूचना सामने आ रही है। इस पूरे मामले की जांच कर रहे कांदीवाली पुलिस स्टेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी पूरी जानकारी राज्य के गृह मंत्रालय को दी जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक मुंबई और नोएडा में लगे कैंप की सूचना के बाद सभी राज्यों को को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उनके राज्य में लगने वाले सभी पेड कैंप की पूरी सूचना उनके पास हो और स्वास्थ्य विभाग का एक जिम्मेदार अधिकारी ऐसे कैंप में हर हाल में मौजूद रहें।