प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रहलाद मोदी
- फोटो : File Photo
कांग्रेस नेता राज बब्बर के बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रहलाद मोदी ने उनकी मां हीराबा की उम्र (97 साल) की तुलना डॉलर-रुपए से करने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हताश है। यह बयान प्रधानमंत्री मोदी को गाली देने की मंशा का परिणाम है।
आपको बता दें कि नरेंद्र मोदी चार भाई हैं। सबसे छोटे भाई प्रहलाद ने कहा कि नरेंद्र मोदी के अलावा हमारे परिवार में किसी का भी कोई राजनीति संबंध नहीं है। ऐसे में कांग्रेस को हमारे परिवार को राजनीति में घसीटना ठीक नहीं है। इस तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक परंपरा के अनुरूप नहीं है। प्रहलाद मोदी राशन की दुकान चलाते हैं।
प्रहलाद मोदी ने कहा कि मेरी मां की लंबी उम्र भगवान की कृपा से है और इसको लेकर कांग्रेस को संभवत: जलन है। असल बात तो यह है कि कांग्रेस पार्टी नरेंद्र भाई की वजह से परेशान है और उन्हें मेरी ही मां ने जन्म दिया है। अब कांग्रेस हताशा में उन्हें परोक्ष रूप से गाली देने के लिए ही ऐसी बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरी भगवान से प्रार्थना है कि वे इन्हें सद्बुद्धि दें ताकि वे बिना हताश हुए अपनी राजनीतिक लड़ाई लड़ें।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी
- फोटो : File Photo
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भी कांग्रेस नेता राज बब्बर के बयान का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में बयानबाजी के कुछ लोकतांत्रिक उसूल होते हैं और उनके नीचे गिरकर मर्यादा के विरुद्ध ऐसी बयानबाजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की वयोवृद्ध माता की उम्र की रुपए-डॉलर से तुलना का क्या तुक है? रूपाणी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार देखते हुए कांग्रेस इस प्रकार की बयानबाजी कर रही है।
हालांकि मां पर कांग्रेसी नेता राज बब्बर के विवादित बयान पर टिप्पणी करते हुए पीएम मोदी ने भी कांग्रेस को चुनावी सभा के दौरान ही कहा कि मोदी से मुकाबला नहीं कर पाते इसलिए मां को गाली देते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस बंटवारे और जाति-पाति की राजनीति करती है। पीएम मोदी ने कहा कि वे पिछले 18 सालों से कांग्रेस को चुनौती देते आ रहे हैं लेकिन मुझसे भिड़ने के बजाए मेरी मां को गाली दी जा रही है, मां को बदनाम कर रहे हैं। जिस मां को राजनीति का 'र' नहीं मालूम उस मां को राजनीति में घसीटा जा रहा है।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 28 नवंबर को वोट डाले जाने हैं। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा अपने चौथे और सबसे छोटे बेटे पंकज मोदी के साथ गांधीनगर के रायसण इलाके में रहती हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे।