असम विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने प्रदेश चुनाव समिति का गठन कर दिया है और इसे गौरव गोगोई को अध्यक्ष बनाया गया है। यह समिति कुल 35 सदस्यों की है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे देबबृता सैइकिया, राकिबुल हुसैन, प्रद्युत बोरदोलोई, भूपेन कुमार बोरा, रिपुन बोरा, पबन सिंह घटोवार, वाजिद अली चौधरी, रोसिलिना तिर्की, जाकिर हुसैन सिकदर, प्रदीप सरकार और अरुण दत्त मजूमदार शामिल हैं।
कांग्रेस ने कहा कि इस समिति में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन), सभी फ्रंटल ऑर्गनाइजेशन के प्रमुख, अनुसूचित जाति (एससी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अल्पसंख्यक, आदिवासी कांग्रेस विभाग और टी-गार्डन सेल के अध्यक्ष भी शामिल होंगे। असम कांग्रेस का मकसद भाजपा की सरकार को चुनौती देना और सत्ता में वापसी करना है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी ने रणनीतिक तैयारी शुरू कर दी है और इस पैनल को चुनावी संचालन और प्रचार के लिए जिम्मेदार बनाया गया है।
100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
गौरतलब है कि असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बीते 28 दिसंबर को कहा था कि उनकी पार्टी अगले साल होने वाले असम विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बाकी सीटें गठबंधन सहयोगियों के लिए छोड़ी जाएंगी। बता दें, राज्य विधानसभा में कुल 126 सीट हैं।
क्या है मौजूदा समीकरण?
बता दें कि 126 सदस्यों वाली विधानसभा में अभी भाजपा के पास 64 सीटें हैं, जबकि सहयोगी अगप के पास नौ, यूपीपीएल के पास सात और बीपीएफ के पास तीन विधायक हैं। वहीं विपक्ष कांग्रेस के पास 26 सीटें, एआईयूडीएफ के पास 15, सीपीआई(एम) के पास एक और एक निर्दलीय विधायक है।
अन्य वीडियो:-