कांग्रेस ने अपनी पार्टी के नेता संदीप दीक्षित द्वारा आर्मी चीफ जनरल विपिन रावत की सड़क के गुंडे से तुलना करने संबंधी विवादास्पद बयान से असहमति व्यक्त करते हुए उसे पूरी तरह से गलत करार दिया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सेना देश के लिए काम करती है तथा आर्मी चीफ के बारे में किसी नेता को टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बंगलूरू में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति को संबोधित करते हुए कहा, ‘प्रेस में से किसी ने सोमवार को मुझे बताया कि एक कांग्रेस नेता ने आर्मी चीफ के बारे में टिप्पणी की है। यह पूरी तरह से गलत है।
’ राहुल ने कहा, ‘लोगों को जनरल रावत बारे में कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि भारतीय सेना हमारे लिए काम करती है, यह भारत की सुरक्षा करती है। किसी राजनीतिक नेता को आर्मी चीफ पर टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है।’
मोदी सरकार पर किया हमला
इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि सच्चाई की शक्ति को पूरी तरह से सत्ता की सच्चाई ने बदल दिया है। कोई भी सत्य के लिए खड़ा होने की कोशिश करता है तो उसे किनारे कर दिया जाता है। राहुल ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि रोजगार पैदा करने के लिए नरेंद्र मोदी को सौ में से जीरो नंबर मिले हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जबकि पास मार्क 40 में होते हैं। राहुल ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार की कई योजनाएं हैं स्टार्ट अप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया, सिट डाउन इंडिया, मूव लेफ्ट इंडिया, गो राइट इंडिया लेकिन कोई रोजगार सृजन नहीं है।