जी-20 बैठक के दौरान मिल चुके हैं मोदी-ट्रंप
- फोटो : Amar Ujala
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी माह अमेरिका के दौरे पर जाएंगे। वो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के खास बुलावे पर 26 जून को वॉशिंगटन डीसी पहुंच रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस अमेरिकी दौरे पर जाने से भारत-अमेरिका के बीच कई मुद्दों पर सीधी बात होगी। खासकर उन बिगड़ी बातों पर भी फायदा मिल सकता है, जिसमें एच1 वीजा मामला, आतंकवाद और पेरिस जलवायु समझौते जैसे मुद्दे शामिल हैं। इस मामले में ट्रंप ने भारत पर निशाना साधा था।
PM @narendramodi on visit to the #US from June 25, talks with #American President @realDonaldTrump on June 26: #MEA.
— Press Trust of India (@PTI_News) June 12, 2017
डोनल्ड ट्रंप से मुलाकात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेरिस जलवायु परिवर्तन संधि को लेकर भी बातचीत कर सकते हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा से भारतीय पेशेवरों से संबंधित वीजा मामले पर भी बात होगी। बता दें कि अमेरिकी सरकार ने डोनल्ड ट्रंप के आने के साथ ही अमेरिका में आव्रजन संबंधी कानूनों को कड़ा कर दिया था। दरअसल, भारत को लेकर जो नीति नरेंद्र मोदी की है, कुछ वैसी ही नीतियों पर डोनल्ड ट्रंप भी चलते हैं। उन्होंने भी 'अमेरिकियों द्वारा, अमेरिकियों के लिए, अमेरिका में' जैसे स्लोगन उठाए हैं। यही वजह है कि ट्रंप प्रशासन ने विदेशी कामगारों को लेकर नीति में कड़ाई लाई है। भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा था कि उनकी सरकार एच1 वीजा मामले में लगातार अमेरिकी प्रशासन से संपर्क में है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये अमेरिकी दौरा एक दिन का ही है, जिसमें वो डोनल्ड ट्रंप से सीधे मुलाकात करेंगे। इसके अलावा नरेंद्र मोदी कुछ अमेरिकी सीईओ से भी मिलेंगे। अपने पिछले दौरे पर नरेंद्र मोदी ने अमेरिका में बड़ी जनसभा का आयोजन किया था। पर इस बार का उनका दौरा सिर्फ एक ही दिन का रहेगा, जिसमें वो तय एजेंडे पर ही आगे बढ़ेंगे।