कांग्रेस का आज 135वां स्थापना दिवस है। इस अवसर पर दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तिरंगा फहराया। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी, अहमद पटेल और कई अन्य नेता मौजूद थे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उपस्थित रहेंगी। स्थापना दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों में वह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। ये आयोजन लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में होगा। इसके बाद वो सलाहकारों से मुलाकात करके पार्टी की रणनीति पर चर्चा करेंगी। सीएए के खिलाफ यूपी में बीते दिनों हिंसा में बहुत सारे लोगों की मौत हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रियंका पीड़ितों के परिवारवालों से मिल सकती हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज गुवाहाटी में होंगे। वह यहां पार्टी के कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक शनिवार को पार्टी की ओर से देश भर में 'संविधान बचाओ, भारत बचाओ' के संदेश के साथ फ्लैग मार्च निकाला जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर पार्टी के नेता संबंधित राज्यों की भाषाओं में संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे।
नागरिकता संशोधन विधेयक, एनआरसी और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) के मुद्दों को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि जब जब भारत के संविधान को चुनौती दी जाएगी और देश को प्रगति के पथ से उतारने का प्रयास होगा तब तब कांग्रेस पुरजोर ढंग से आवाज उठाएगी।