कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि भगत सिंह एक ही थे और वहीं रहेंगे। इस तरह से कांग्रेस ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले भगत सिंह से जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की शशि थरूर द्वारा की गई तुलना से खुद को अलग कर लिया।
कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद ने भी थरूर के बयान से किनारा करते हुए कहा कि भगत सिंह की तुलना आजकल के लड़कों से ठीक नहीं है। वहीं मीम अफजल ने भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि वो आजादी का अलग दौर था, यह बर्बादी का अलग दौर है। कांग्रेस प्रवक्ता ने संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू के उस बयान पर भी कटाक्ष किया जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री को भारत के लिए भगवान का उपहार बताया था।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वह भारत के लिए भगवान का उपहार या क्या हैं, यह लोगों की समझ से परे है। तिवारी ने भाजपा के राष्ट्रवाद को छद्म राष्ट्रवाद की संज्ञा दी और कहा कि छद्म राष्ट्रवादी राष्ट्रवाद के ठेकेदार बने हैं। तिवारी ने कहा कि चूंकि सरकार महत्वपूर्ण मोर्चे पर विफल है, इसलिए इस तरह के छद्म राष्ट्रवाद की चर्चा छेड़ रही है।