गुजरात के वडोदरा जिले के वर्नामा में एक एक व्यक्ति द्वारा अपने घर के बाहर अपनी बहन को बार-बार चाकू मारने का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे वीडियो का पुलिस ने भी संज्ञान लिया है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया था। पिछले सप्ताह हुई घटना में घायल होने के बाद उसका इलाज चल रहा था। बता दें कि आरोपी वडोदरा के एक कॉलेज में फोरेंसिक विज्ञान के छात्र है। वर्नामा पुलिस स्टेशन के निरीक्षक बीएन गोहिल ने कहा कि उन्होंने आरोपी के दिमागी हालत की जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है।
वर्नामा पुलिस स्टेशन के निरीक्षक बीएन गोहिल ने बताया कि घटना 18 जून की है। वायरल वीडियो में आरोपी को पहले अपनी बहन को जमीन पर धकेलते और फिर उसे कई बार चाकू मारते हुए देखा जा सकता है। वहीं अपनी बहन पर हमला करने से पहले उसने अपनी मां पर भी हमला किया था। वीडियो में वह शख्स चाकू दिखाकर उसकी बहन को बचाने की कोशिश करने पर लोगों को धमकाते भी दिख रहा है।
गोहिल ने कहा कि आरोपी की मां को मामूली चोटें आईं हैं, लेकिन उसकी बहन को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी की बहन को कई चाकू के घाव हैं, हालांकि उसके आंतरिक अंगों को नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से कुछ आर्थिक मुद्दों को लेकर परेशान था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि गंभीर रूप से चोट पहुंचाने के आरोप में उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 326 के तहत मामला दर्ज किया गया है।