देशभर में ठंड और कोहरे का कहर लगातार जारी है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने की घोषणा कर दी गई है।
हरियाणा के कई हिस्सों में कोहरे के कहर ने लोगों की हालत खराब कर दी है। घने कोहरे को देखते हुए सरकार ने सभी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद करने के आदेश दिए हैं। सरकारी के साथ ही एडेड व निजी स्कूलों को भी छुट्टियां रखने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने साफ कर दिया है कि सहायता प्राप्त व निजी स्कूल मनमानी करते हैं तो उन पर कार्रवाई होगी।
दूसरी तरफ उत्तराखंड के नैनीताल में सरकार ने सभी स्कूलों और आंगनबाड़ियों को 10 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। जबकि उत्तर प्रदेश के एटा में भी डीएम ने आठवीं क्लास तक के सभी स्कूलों को 6 से 8 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। आदेश न मानने वाले स्कूलों पर कार्रवाई भी होगी।