फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोयला घोटाला : दो निदेशकों को चार साल की कैद, नहीं रहीं दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला तनाका, पढ़ें कुछ प्रमुख खबरें

Tue, 26 Apr 2022 07:15 AM IST
योगेश साहू अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली।
विज्ञापन
jail new - फोटो : pixabay
विज्ञापन

कोयला घोटाला मामले में विशेष सीबीआई अदालत ने एक निजी कंपनी के दो निदेशकों को चार साल कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने कंपनी सहित दोनों निदेशकों पर 30-30 लाख का जुर्माना भी लगाया है। सीबीआई जज अरुण भारद्वाज ने दोनों निदेशकों को हाल ही में पत्रपारा कोयला खदान मामले में आपराधिक साजिश का दोषी ठहराया था।

विज्ञापन


विशेष जज ने फैसला सुनाते हुए कहा, परिस्थितिजन्य साक्ष्य सीधे-सीधे साजिश की ओर इशारा कर रहे थे। इस मामले में दोषियों ने खदान आवंटन के लिए राज्यमंत्री, जांच समिति और कोयला मंत्रालय के साथ सरकार के खिलाफ आपराधिक साजिश की। पिछले हफ्ते कोर्ट ने आधुनिक कॉरपोरेशन लिमिटेड और उसके दो निदेशकों को दोषी करार देते हुए कहा था कि निर्मल कुमार और मनीष कुमार अग्रवाल के खिलाफ सभी आरोप सही साबित हुए।

दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला तनाका नहीं रहीं
दुनिया की सबसे बुजुर्ग जापान की केन तनाका का 119 साल की उम्र में निधन हो गया। उनका जन्म 1903 में फुकुओका में हुआ था। उसी साल राइट बंधुओं ने पहली उड़ान भरी थी। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें 2019 में सबसे उम्रदराज होने की मान्यता दी थी।

एयर इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए तरजीही पहुंच सुविधा गंवाई
टाटा समूह की कंपनी एयर इंडिया के लिए द्विपक्षीय अधिकारों से जुड़ी तरजीही पहुंच सुविधा अब खत्म हो गई है। यह दूसरे देशों में उड़ानों के परिचालन के लिए जरूरी है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक परिपत्र से इसका खुलासा हुआ। सरकारी एयरलाइन होने की वजह से एयर इंडिया के लिए द्विपक्षीय अधिकारों तक तरजीही पहुंच थी। यह पहुंच दो देशों के बीच हवाई सेवा समझौतों के तहत दी जाती है।

पीएम आवास पर मनाई जाएगी ब्रह्म विद्यालय की स्वर्ण जयंती
ब्रह्म विद्यालय की स्वर्ण जयंती और शिवगिरि तीर्थ यात्रा की 90वीं वर्षगांठ का समारोह प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित किया जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी 26 अप्रैल, को इन दोनों के संबंध में सालभर चलने वाले संयुक्त कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान संयुक्त समारोह का लोगो भी लॉन्च किया जाएगा। शिवगिरि तीर्थयात्रा और ब्रह्म विद्यालय दोनों महान समाज सुधारक नारायण गुरु के संरक्षण और मार्गदर्शन में शुरू हुए थे।

देश के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू से लेकर पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम तक नारायण गुरु के मुरीद रहे हैं। शिवगिरी तीर्थ यात्रा हर साल 30 दिसंबर से 1 जनवरी के दौरान तिरुवनंतपुरम के पास स्थिति शिवगिरी पहाड़ी में आयोजित की जाती है। नारायण गुरु के मुताबिक तीर्थयात्रा का मकसद लोगों के बीच ज्ञान का प्रसार कर उनके समग्र विकास और समृद्धि में मदद करना है।

वित्त मंत्रालय ने 143 वस्तुओं पर जीएसटी बढ़ाने वाली रिपोर्टों को बताया फर्जी
जीएसटी में नए स्लैब और143 वस्तुओं पर टैक्स बढ़ाने को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि इस संबंध में प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट असत्य और भ्रामक हैं। एक वक्तव्य में मंत्रालय ने कहा, मीडिया का एक वर्ग दावा कर रहा है कि 143 वस्तुओं पर जीएसटी की दरें बढ़ाने के लिए राज्यों से सुझाव व फीडबैक मांगा गया है।

कुछ रिपोर्टों में तो वस्तुओं की संख्या के साथ ही विवरण भी दिया गया है। जबिक, वस्तु स्थिति यह है कि जीएसटी के स्लैब या वस्तुओं पर इसके तहत लगने वाले टैक्स की दरों में बदलाव को लेकर न तो राज्यों से कोई प्रतिक्रिया मांगी गई है, न राज्यों की तरफ से कोई सुझाव दिए गए हैं और न ही इस तरह का कोई प्रस्ताव लंबित है। लिहाजा, इस तरह की मीडिया रिपोर्ट असत्य और भ्रामक हैं, जो पूरी तरह से कयासों पर आधारित हैं।

इस्राइल ने भारतीय-यहूदी अभिनेत्रियों को याद किया
भारत के साथ मित्रता के 30 साल पूरे होने पर इस्राइली दूतावास ने भारतीय-यहूदी अभिनेत्रियों को याद करते हुए दिल्ली में एक स्ट्रीट आर्ट म्युरल यानी भित्ति चित्र का अनावरण किया। दिल्ली के कनॉट प्लेस में भित्ति चित्रकला के माध्यम से भारतीय-यहूदी अभिनेत्रियों प्रमिला, नादिरा और सुलोचना के हिंदी सिनेमा में योगदान को याद किया गया। भारत में इस्राइल के राजदूत नाओर गिलोन व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने स्ट्रीट-आर्ट म्यूरल का अनावरण किया। इस्राइली दूतावास ने इस भित्ति चित्रकला के लिए दिल्ली स्ट्रीट आर्ट का सहयोग लिया।
विज्ञापन

जामिया के प्रोफेसर खालिद मोइन को जमानत से इनकार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की अदालत ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के प्रोफेसर खालिद मोइन को जमानत देने से इनकार कर दिया। उन पर नोएडा के बॉटनिकल गार्डन में एक परियोजना के लिए संरचनात्मक सुरक्षा प्रमाणपत्र जारी करने के लिए 1 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। विशेष न्यायाधीश शैलेंद्र मेलक ने मोइन की जमानत खारिज करते हुए कहा कि एक लोक सेवक के पास इतनी नकद राशि और रिश्वत की राशि प्राप्त करना स्पष्ट रूप से अपराध की गंभीरता को दर्शाता है।

न्यायाधीश ने कहा कि एक टेलीफोन पर बातचीत हुई, जिसमें दिखाया गया था कि मोइन ने अपने सह-आरोपियों से पैसों की मांग की और साथ ही विश्वविद्यालय में जमा करने के लिए आवश्यक शुल्क भी मांगा। अदालत ने कहा इस तरह की बातचीत अपने आप में स्पष्ट करती है कि आरोपी द्वारा बॉटनिकल गार्डन नोएडा में भवन निर्माण के लिए एक संरचनात्मक सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी करने के संबंध में रिश्वत की मांग की गई थी, जो एक गंभीर अपराध है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें