चर्चित कोयला घोटाले से जुड़े मामलों का ट्रायल पूरा करने के लिए सुप्रीम कोर्ट आज विशेष जज भरत पाराशर की जगह लेने वाले नए जज का नाम तय करेगा। कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में सामने आए कोयला घोटाले से जुड़े मामलों की सुनवाई 2014 से लंबित है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने किया था विशेष जज भरत पाराशर की जगह नए जज के लिए आग्रह
शीर्ष अदालत ने हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के एक पत्र का संज्ञान लिया था, जिसमें जज पाराशर की जगह लेने वाले किसी अन्य उचित पीठासीन न्यायिक अधिकारी को तैनात करने या नामित करने की इजाजत मांगी गई थी। जज पाराशर साल 2014 से ही कोयला घोटाले से जुड़े मामलों की सुनवाई कर रहे हैं।
चीफ जस्टिस एसए बोबडे की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट पीठ ने 15 मार्च को दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से ट्रायल कोर्ट के पांच जजों के नाम मांगे थे। इनमें से ही किसी एक को पाराशर की जगह तैनात किया जाना है। पीठ अब इस मामले पर सोमवार को सुनवाई करेगी।
यह था मामला
शीर्ष अदालत ने 2014 में उन 214 कोयला ब्लॉक का आवंटन खारिज कर दिया था, जिन्हें केंद्र सरकार ने 1993 से 2010 के बीच आवंटित किया था। सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश कई जनहित याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए लिया था। साथ ही शीर्ष अदालत ने इस मामले में विशेष सीबीआई जज को मुकदमा चलाए जाने का भी आदेश दिया था।