कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री का पद अभी किसी के लिए खाली नहीं है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि वे इस पद पर बने रहेंगे।
सिद्धारमैया की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब जमीन आवंटन मामले में मुकदमे के लिए राज्यपाल की मंजूरी को चुनौती देने याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। कांग्रेस के कुछ नेता नेतृत्व परिवर्तन की स्थिति में मुख्यमंत्री बनने की तैयारी में लगे हैं। उनमें से कुछ ने खुले तौर पर मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताई है।
मीडिया के सवालों के जवाब में सिद्धारमैया ने कहा, "किसी ने कोई बयान नहीं दिया। किसी ने नहीं कहा कि वे मुख्यमंत्री बनेंगे। (मुख्यमंत्री की) सीट खाली नहीं है। फिर कोई क्यों कहे कि वे मुख्यमंत्री बनेंगे? हर कई यही कह रहा है कि सिद्धारमैया मुख्यमंत्री बने रहेंगे।" जब उन्हें बताया गया कि कुछ नेताओं ने कहा है कि अगर सिद्धारमैया निर्देश देंगे तो वे मुख्यमंत्री बन जाएंगे, इस पर उन्होंने कहा, जब पद ही खाली नहीं है, तो कोई ऐसा निर्देश क्यों देगा?