राज्य में लगातार हो रही खूनी राजनीतिक हिंसा को रोकने के लिए केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रविवार 6 अगस्त को सर्वदलीय बैठक बुलाई। बैठक में सीएम ने केरल में फैल रही हिंसा को सभी दलों से इसे खत्म करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि केरल इस वक्त संकटग्रस्त राज्य है और यह एक चिंता का विषय है। सीएम ने आगे कहा कि केरल को तोड़ने का प्रोपेगेंडा राज्य के निवेश और विकास को प्रभावित कर रहा है। सीएम ने ये बात सर्वदलीय बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुई कही।
बता दें कि पिछले कुछ महीनों से केरल में सीपीएम और बीजेपी-आरएसएस के कार्यकर्ताओं के बीच कई हिंसक झड़पें हो चुकी हैं। इन झड़पों में कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। पिनरई ने कहा कि केरल में फैल रही इस हिंसा का अंत किया जाना चाहिए और राज्य में हिंसा को बढ़ाने में सोशल मीडिया एक नकारात्मक भूमिका निभा रहा है।
वहीं, बैठक में अपराधी को अपराधी मानने का फैसला लिया गया है। बैठक में इस बात पर भी चर्चा की गई कि नेताओं को केरल में जहां कहीं भी ऐसी घटनाएं हो रही है उन्हें वहां जाना चाहिए और पुलिस को भी राज्य में शांति कायम करने के लिए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।