असम: कांग्रेस नेता ने की विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग
असम विधानसभा में कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया ने गुरुवार को राज्य के विधानसभा अध्यक्ष हितेंद्र नाथ गोस्वामी से उनके निवास पर मुलाकात की।
सैकिया ने कहा कि मैंने विधानसभा अध्यक्ष से नागरिकता संशोधन विधेयक को लेकर असम के लोगों की चिंताओं पर चर्चा करने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया है।
मेघालय में भी इंटरनेट बंद
मेघालय में भी अगले 48 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
विधेयक को राष्ट्रपति ने दी मंजूरी
नागरिकता (संशोधन) विधेयक को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की स्वीकृति मिल गई है। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के साथ ही यह विधेयक अब कानून बन गया है।
नागरिकता विधेयक केरल में नहीं किया जाएगा लागू: विजयन
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि संसद में पारित नागरिकता (संशोधन) विधेयक राज्य में लागू नहीं किया जाएगा। वहीं, उत्तरी केरल में एक स्थानीय कॉलेज के सैकड़ों छात्रों ने एक मार्च निकाला और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पुतले फूंके। कांग्रेस नीत यूडीएफ ने भी राज्य सचिवालय के सामने विधेयक और महंगाई सहित कई अन्य मुद्दों के खिलाफ प्रदर्शन किया। विजयन ने भाजपा नीत केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि असंवैधानिक विधेयक के लिए केरल में कोई जगह नहीं होगी और राज्य इसे लागू नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि इस विधेयक को राज्य में लागू नहीं किया जाएगा।
असम विधानसभा के अध्यक्ष हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक पर संदेह निराधार नहीं है, विभाजन पैदा करने की प्रबल संभावना है।
असम राइफल्स के जवान मुस्तैद
भारतीय सेना के अधिकारियों ने कहा- असम राइफल्स त्रिपुरा और असम में हालात को संभाल रही है। टुकड़ियों की तेज कार्रवाई से हालात सामान्य हो रहे हैं।
चार जिलों में रात का कर्फ्यू लगा
जोरहाट, गोलाघाट, तिनसुकिया और चराईदेव जिलों में रात का कर्फ्यू लगाया गया। आरटीआई कार्यकर्ता और किसान नेता अखिल गोगोई को असम के जोरहाट जिले में गिरफ्तार किया गया। आरटीआई कार्यकर्ता और किसान नेता अखिल गोगोई को जोरहाट से ऐहतियातन गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि जिले के साथ-साथ राज्य के अन्य क्षेत्रों में किसी भी प्रिय घटना से बचने के लिए गोगोई को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले दोपहर के समय कृषक मुक्ति संग्राम समिति के सलाहकार गोगोई जोरहाट के उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए थे।
असम के राज्यपाल जगदीश मुखी ने कहा- केंद्र सरकार ने असम के हितों की रक्षा का आश्वासन दिया है।
नागरिकता बिल पर त्रिपुरा के संगठन जेएमएसीएबी ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। संगठन ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म की।
बांग्लादेश के गृह मंत्री ने मेघालय दौरा रद्द किया
पीटीआई ने राजनयिक सूत्र के हवाले से कहा, बांग्लादेश के गृह मंत्री ने मेघालय की तीन दिवसीय यात्रा रद्द की।
फायरिंग में दो की मौत
असम के गुवाहाटी में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस गोलीबारी में घायल हुए दो लोगों की मौत हो गई। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि एक व्यक्ति को मृत लाया गया था जबकि एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मेघालय में भी मोबाइल इंटरनेट और मैसेजिंग सेवा अगले 48 घंटे के लिए बंद।
डीजीपी के काफिले पर पथराव
गुवाहाटी में असम के पुलिस प्रमुख भास्कर ज्योति महंत के काफिले पर पथराव किया गया। यह हमला उस वक्त हुआ, जब वह नागरिकता (संशोधन) विधेयक के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन का सामना कर रहे शहर का दौरा कर रहे थे। महंत का काफिला क्रिश्चियन बस्ती के पास गुवाहाटी-शिलांग रोड पर था, जहां यह हमला हुआ। काफिले में मौजूद कई वाहनों पर पथराव किया गया। काफिले को कई बार रुकना पड़ा क्योंकि पूरे मार्ग को प्रदर्शनकारियों ने बाधित कर रखा था। उन्होंने सड़क पर लकड़ी और लोहे के बैरीकेड लगा रखे थे।
अगप मुख्यालय पर हमला
गुवाहाटी के अंबारी क्षेत्र में असम गण परिषद् (अगप) के मुख्यालय पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया, बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ हुई। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी शहर के मध्य में गोपीनाथ बोरदोलोई रोड पर स्थित इमारत में घुस गए और खिड़कियों के शीशों को तोड़ दिया और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि इमारत के बाहर खड़े पुलिस के वाहनों सहित कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
अभिनेता व असम भाजपा नेता जतिन बोरा ने पार्टी से इस्तीफा दिया।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, 'मैं असम के सभी लोगों से शांति और सौहार्द्र बनाए रखने की अपील करता हूं। यह हमारी सांस्कृतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक परंपरा है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि हमेशा की तरह असम के लोग आने वाले समय में शांति बनाए रखेंगे।'
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भैय्याजी जोशी ने कहा, 'हम नागरिकता संशोधन विधेयक लाने के साहसिक कदम के लिए केंद्र, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देना चाहते हैं। भारत में रहने वाले शरणार्थियों (अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश से) को सम्मानजनक स्थान देना वर्तमान सरकार की एक बड़ी पहल है। हम उनका स्वागत करते हैं।'
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी अपनी पार्टी के नेताओं के साथ 20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन विधेयक और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर पर चर्चा करेंगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने नागरिकता विधेयक पर कहा, 'कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अशांति है। लेकिन विधेयक के संसद के दोनों सदनों से पास हो जाने के बाद सबसे खराब स्थिति पूर्वोत्तर राज्यों में है। पूर्वात्तर राज्यों के लोग अपने धर्म से इतर विधेयक के खिलाफ हैं।'
नागरिकता विधेयक पर उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री जीतेंद्र सिंह ने कहा, 'राहुल गांधी ने कल भ्रमित करने वाला बयान दिया। अपनी राजनीतिक किस्मत को चमकाने के लिए विरोध की बहती ब्रह्मपुत्र में हाथ धो रहे हैं।' बता दे कि ब्रह्मपुत्र असम की प्रमुख नदी है।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्य में हो रहे प्रदर्शन पर कहा, 'मैं लोगों से अपील करता हूं कि वह शांति बनाए रखें और भ्रमित होने से बचें।'
असम में सेना की पांच टुकड़ियां तैनात की गई है। वहीं असम राइफल्स की तीन टुकड़ियां त्रिपुरा में तैनात किए गए हैं।
असम के दस जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा बृहस्पतिवार शाम सात बजे तक बंद कर दी गई। असम में 31 ट्रेनें या तो रद्द करनी पड़ीं या उनका रूट घटा दिया गया। तिनसुखिया, जोरहाट और डिब्रूगढ़ में भी कर्फ्यू लगा दिया गया है। त्रिपुरा में दूसरे दिन भी इंटरनेट सेवाएं बंद रहीं।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के डिब्रूगढ़ में लखीनगर स्थित आवास पर बुधवार रात प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। डिप्टी कमिश्नर पल्लव गोपाल झा ने बताया, पथराव में कुछ खिड़कियों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, डिब्रूगढ़ में ही भाजपा विधायक प्रशंता फुकान सहित एक अन्य भाजपा नेता के घर को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
सरकार की सलाह के अनुसार असम में जारी अशांति के कारण फ्लाइट यूके725 (आईएक्सबी-डीआईबी) और यूके726 (डीआईबी-आईएक्सबी) को आज के लिए रद्द कर दिया गया है। हम यात्रियों को मुफ्त में बदलाव की पेशकश/ गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ की उड़ानों को रविवार 15 दिसंबर तक रद्द करने का मौका दे रहे हैं।
नागरिकता विधेयक को लेकर जारी प्रदर्शन ने पूरे असम को अपने कब्जे में ले लिया है जिसके चलते गुवाहाटी यूनिवर्सिटी और कॉटन यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्नातक और परास्नातक की इस हफ्ते होने वाली परीक्षा को फिलहाल के लिए रद्द करने का फैसला लिया है।
नागरिकता संशोधन बिल-2019 के खिलाफ असम और त्रिपुरा में प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। कई जगहों पर प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार देर रात असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के डिब्रूगढ़ स्थित आवास और केंद्रीय राज्यमंत्री रामेश्वर तेली के दुलियाजन स्थित आवास पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव और हमला कर दिया। गुवाहाटी के होटल ताज में जापानी पीएम शिंजो आबे के स्वागत में बनाया गया रैंप भी जला दिया गया। असम के कई जिलों में इस समय कर्फ्यू लगा हुआ है।