प. बंगाल में नागरिकता संशोधन कानून का हिंसक विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चेतावनी दी है। साथ ही ममता ने लोगों से शांति बनाए रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने को कहा है।
ममता ने एक बयान में कहा, अपने हाथ में कानून को मत लीजिए। रास्ता और रेल मार्ग को बंद मत कीजिए इससे आम लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि एनआरसी और नागरिकता कानून को राज्य में लागू नहीं किया जाएगा। मेरा आपसे अनुरोध है कि लोगों के बीच शंका पैदा मत कीजिए।
टीएमसी के कारण राज्य जल रहा है: भाजपा
वहीं, भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि टीएमसी के कारण राज्य जल रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो यहां राष्ट्रपति शासन के अलावा दूसरा रास्ता नहीं होगा।
राज्यपाल बोले- कोई नहीं कर सकता इनकार
उधर, राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कहा कि ये कानून पूरे देश में लागू होगा, कोई ये नहीं कह सकता कि हम इसे लागू नहीं करेंगे। अगर किसी ने संविधान की शपथ ली है तो कोई इसे चुनौती नहीं दे सकता। मैं सभी से अपील करता हूं कि इसका राजनीतिकरण न करें।
बता दें कि असम, त्रिपुरा के अलावा प. बंगाल में भी नागरिकता कानून का जबरदस्त विरोध हो रहा है। शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने मुर्शिदाबाद में एक रेलवे स्टेशन को भी आग के हवाले कर दिया था। इसके अलावा प्रदर्शनकारी सड़क मार्ग और रेल मार्ग भी जाम कर रहे हैं।