केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के बारे में ऐतिहासिक तथ्यों का पता लगाने के लिए ‘नए सिरे से कोशिशें करने’ का निर्देश दिया है। आयोग ने पीएमओ के इससे संबंधित एक आरटीआई आवेदन का जवाब देने से इनकार करने के बाद यह निर्देश दिए। पीएमओ ने दावा किया था कि सूचना का उससे लेना देना नहीं है।
हरिंदर ढींगरा नामक आवेदक ने पीएमओ से यह ‘प्रमाणित करने’ की मांग की थी कि ‘क्या ‘जन गण मन’ राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम’ राष्ट्रगीत हैं।’ साथ ही उन्होंने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की कविता को राष्ट्रगान घोषित करने से संबंधित फाइल नोटिंग पूरी करने की मांग की थी। लेकिन पीएमओ ने कहा था कि मांगी गई सूचना का ‘इस सार्वजनिक प्राधिकरण से लेना देना नहीं है।’