कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई।
- फोटो : अमर उजाला
कर्नाटक के मैसूर जिले के नांजागुड़ तालुक के कावलांडे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कावलांडे को कथित तौर पर 'छोटा पाकिस्तान' बताया जा रहा है। गुरुवार को इस वीडियो का कर्नाटक के सीएम बासव राज बोम्मई ने संज्ञान लेते हुए नाराजगी जताई है। उन्होने कहा कि इस मामले में वे मैसूर के एसपी से जांच के लिए कहेंगे।
ये वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है, इसमें ईद-उल-फितर के मौके पर नमाज अदा करके वापस लौटते हुए पुरुषों का एक समूह दिख रहा है। इसमें उन लोगों को 'नारा-ए-तकबीर अल्ला हु अकबर' चिल्लाते हुए देखा जा सकता है, इसके बाद पुलिस कुछ लोगों को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कहती हुई दिखती है।
इस वीडियो में आगे वीडियो रिकार्ड करने वाले को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मेरे गांव को देखो। इसके अलावा वीडियो में एक अन्य व्यक्ति कहता है कि 'ये भी छोटा पाकिस्तान है।' इसके बाद वीडियो रिकार्ड करने वाले व्यक्ति ने कहा कि 'कावलांडे बोले तो छोटा पाकिस्तान।'
इस वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम बोम्मई ने कहा था कि वे वहां के एसपी से इसकी जांच करने और कार्रवाई के लिए कहेंगे। गौरतलब है कि युवा ब्रिगेड और नमो ब्रिगेड से जुड़े स्तंभकार और वक्ता चक्रवर्ती सुलीबेले ने बुधवार को इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया था।
सोशल मीडिया समूह के दावे पर सतर्क है पुलिस
कर्नाटक में खुद को मुस्लिम अधिकारों का रक्षक होने का दावा करने वाले एक सोशल मीडिया समूह ने बड़ा एलान किया कहा है। इस समूह ने कहा कि बुर्का पहनने वाली महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर इसे नहीं खोलना है और उन्हें सेल्फी भी नहीं लेनी है। ऐसा करने वाली महिलाओं पर हमला किया जाएगा। इसको लेकर मंगलुरू के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने कहा है कि हम इसके बारे में सतर्क हैं।