भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के प्रवक्ता के अनुसार, एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल टीम ने तत्काल चिकित्सा मुहैया कराई। हवाईअड्डे पर उतरने से आधे घंटे पहले लड़की की तबीयत खराब हो गई थी।
बगदाद से चीन के गुआंगजौ जा रही इराकी एयरवेज की एक उड़ान को कोलकाता हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। दरअसल, एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। 16 वर्षीय इराकी लड़की को जब अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विमान में चालक दल के 15 सदस्यों समेत 100 यात्री सवार थे। बुधवार की रात 10:18 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान को उतारा गया।
विज्ञापन
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के प्रवक्ता के अनुसार, एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल टीम ने तत्काल चिकित्सा मुहैया कराई। हवाईअड्डे पर उतरने से आधे घंटे पहले लड़की की तबीयत खराब हो गई थी। एयरपोर्ट स्वास्थ्य अधिकारी ने लड़की का इलाज किया, लेकिन इस दौरान अधिकारी को उसका पल्स नहीं मिला। डॉक्टर ने लड़की को निकटतम अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी।
गुरुवार की सुबह 1.18 बजे औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लड़की और उसके दो सह-यात्रियों को उतार दिया गया। उन्हें एएआई एंबुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के अनुसार, लड़की ईराक के बगदाद जिले सार चिनार पुलिस स्टेशन इलाके की रहने वाली थी। गुरुवार की सुबह 1.49 बजे यात्रियों के साथ विमान अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ।
विज्ञापन
पुलिस के सूत्रों ने बताया कि इराकी लड़की का शव औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिवार को सौंप दिया जाएगा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पुलिस थाने की ओर से एनओसी प्रदान किए जाने के बाद उसके माता-पिता शव को घर ले जा सकेंगे। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा कि पुलिस दिल्ली में इराकी दूतावास से भी संपर्क करेगी। लड़की के परिजनों से बात करना मुश्किल हो रहा था, क्योंकि वे अंग्रेजी नहीं बोल पा रहे थे।