कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने आरोप लगाया है कि वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ राफेल विमान सौदे को लेकर झूठ बोल रहे हैं। धनोआ ने जोधपुर में कहा था कि राफेल सौदा देश की सुरक्षा के मामले में गेम चेंजर साबित होगा। वहीं, उन्होंने राफेल सौदे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को शानदार बताया था।
मोइली ने कहा कि सौदे से कुछ दिन पहले वायुसेना प्रमुख राफेल लड़ाकू विमान निर्माता दसॉल्ट एविएशन के प्रमुख के साथ सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के बेंगलुरू मुख्यालय गए थे। इस दौरान उन्होंने एचएएल को जरूरी विशेषज्ञता के साथ सक्षम व प्रतिस्पर्धी संस्थान बताया था।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एचएएल को सौदे से बाहर कर दिया। अब धनोआ का सुप्रीम कोर्ट के फैसले को शानदार बताना ठीक नहीं है। वह झूठ बोल रहे हैं और सच को दबा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी सरकार के मुहैया कराए गलत तथ्यों पर आधारित है।
वीरप्पा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सौदे पर सवाल उठाने के लिए माफी मांगने की जरूरत नहीं है, बल्कि वह इसे चर्चा में लाने के लिए प्रशंसा के हकदार हैं। उनकी जगह मोदी इस सौदे के जरिये देश की सुरक्षा और सरकारी खजाने से समझौता करने के लिए माफी मांगें। गौरतलब है कि भाजपा सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी राहुल के पीएम पर सौदे को लेकर जारी हमलों के लिए माफी की मांग कर रही है।