पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने सर्जिकल स्ट्राइक के सूत्रधार लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा (सेवानिवृत्त) को राष्ट्रीय सुरक्षा टास्क फोर्स का प्रमुख बनाने को लेकर केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के तंज कसने पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस का मखौल उड़ाने वाले जेटली को अपने बयान में यह भी जोड़ना चाहिए था कि भाजपा को किसी सलाह की जरूरत नहीं है, क्योंकि उसके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।
जेटली ने शुक्रवार को कहा था, यह समझ से परे है कि जिस पार्टी ने देश में आधी सदी तक राज किया है, उसे राष्ट्रीय सुरक्षा पर शिक्षित होने की जरूरत है। चिदंबरम ने शनिवार को सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, ‘भाजपा को आरबीआई के प्रमुख के तौर पर डॉ. रघुराम राजन जैसे लोगों की जरूरत नहीं क्योंकि उसके पास मोदी हैं।
भाजपा को योजना आयोग, राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग की भी जरूरत नहीं क्योंकि उसके पास मोदी हैं। वास्तव में भाजपा को मंत्रिमंडल की भी जरूरत नहीं क्योंकि उसके पास मिस्टर मोदी हैं।’ चिदंबरम ने कहा कि वह देखना चाहते हैं कि कश्मीरी सामान पर प्रतिबंध के समर्थन में ट्वीट करने वाले मेघालय के राज्यपाल तथागत राय के खिलाफ पीएम क्या कार्रवाई करते हैं।