नई दिल्ली से विशाखापत्तनम जा रही आंध्र प्रदेश (एपी) एक्सप्रेस (22416) को शनिवार की सुबह आगरा कैंट स्टेशन पर बम की सूचना मिलने पर रोक लिया गया। जीआरपी, आरपीएफ की टीमों ने बीडीएस और डाग स्क्वैड के साथ चेकिंग की। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। 15 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका।
आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस की सेकेंड एसी की सीट नंबर 51 पर स्केच पैन से सीट के नीचे बम होने की बात लिखी थी। इस पर यात्रियों ने कोच कंडक्टर को जानकारी दी। रेलवे कंट्रोल रूम से सूचना आगरा कैंट जीआरपी को दी गई, लेकिन तब तक गाड़ी मथुरा से आगे पहुंच चुकी थी। सुबह 9.30 बजे गाड़ी आगरा कैंट पहुंची तो इसे दूसरे प्लेटफार्म नंबर चार पर रोका गया। यहां जीआरपी थाना प्रभारी मणिकांत, आरपीएफ प्रभारी बीपी सिंह ने कोच से यात्रियों को उतारने के बाद चेकिंग की।
बम निरोधक दस्ते के साथ ही डॉग स्क्वैड की मदद ली गई। कई कोचों में चेकिंग की लेकिन कुछ नहीं मिला। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गाड़ी को महज दस मिनट के लिए रोका गया था। तकरीबन 15 मिनट बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। सीओ जीआरपी आरके गौतम ने बताया कि किसी शरारती व्यक्ति ने स्केच पैन से अंग्रेजी में लिखा था कि सीट के नीचे बम है, अगर कोई बैठा तो ब्लास्ट हो जाएगा। इसके बाद ही यात्रियों ने इसकी शिकायत की थी। इसी पर चेकिंग कराई गई।
दिल्ली में सूचना, आगरा में चेकिंग
इसी कोच में सफर कर रहे दिल्ली के यात्री ने बताया कि सीट पर बम होने की सूचना की बात उन्होंने नई दिल्ली स्टेशन से ट्रेन के छूटने से पहले ही दी थी, लेकिन इसके बाद भी फरीदाबाद, पलवल, कोसीकलां, मथुरा तक कहीं चेकिंग नहीं की गई। आगरा कैंट स्टेशन पर जरूर तलाशी ली गई।