केंद्र सरकार ने गुजरात को बड़ी सौगात देने का एलान किया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गुजरात के लिए 12,600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कोष आवंटित करेगी। इस फंड से राज्य में सड़कों, पुलों और लॉजिस्टिक पार्कों का निर्माण कराया जाएगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के लिए गुजरात पहुंचे थे। इसी क्रम में अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे के लिए चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने के बाद अहमदाबाद के पास कविता गांव में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होने केंद्र द्वारा अतिरिक्त फंड जारी करने की बात कही। इससे पहले बुधवार को गडकरी ने राज्य में चल रही राजमार्ग परियोजनाओं के बारे में गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की थी।
1,000 से बनाए जाएंगे ओवर ब्रिज
केंद्र द्वारा दिए जाने वाले अतिरिक्त फंड में से राज्य में मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक पार्कों के विकास के लिए 6,000 करोड़ रुपये और राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों के अलावा अन्य सड़कों पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) या रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण के लिए 1,000 करोड़ रुपये खर्चे जाएंगे। सेतुबंधन योजना के तहत राज्य में आरओबी या आरयूबी का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वार्षिक योजना के तहत, हम गुजरात को 2,600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फंड देंगे। इसके साथ ही अन्य 3,000 करोड़ रुपये राज्य राजमार्गों, जिला सड़कों और नगरपालिका क्षेत्रों के अंदर सड़कों के निर्माण के लिए आवंटित किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि कुल मिलाकर हम गुजरात को 12,600 करोड़ रुपये का फंड देंगे।
अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे जल्द होगा पूरा
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस दौरान 109 किलोमीटर लंबे अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे को लेकर चल रहे काम के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे को जल्द से जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि ये एक्सप्रेस वे जनवरी 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। ये एक्सप्रेस वे अहमदाबाद को धोलेरा स्मार्ट सिटी से जोड़ेगा। इस राजमार्ग परियोजना 2021 में शुरू हुई और अब तक लगभग 21 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।