Bureaucratic Reshuffle: केंद्र सरकार ने नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए 34 वरिष्ठ अधिकारियों की नई नियुक्तियां की हैं। मधुप व्यास को चुनाव आयोग में उप चुनाव आयुक्त बनाया गया, जबकि प्रसन्ना आर और सुषमा चौहान को गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को संयुक्त सचिव स्तर पर नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया है। इसमें वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मधुप व्यास को चुनाव आयोग में उप चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया। 2000 बैच के अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के अधिकारी व्यास को यह जिम्मेदारी पांच साल के लिए सौंपी गई है। आदेश कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने जारी किया है।
विज्ञापन
इस फेरबदल में 34 वरिष्ठ अधिकारियों को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्त किया गया। आईएएस अधिकारी प्रसन्ना आर और सुषमा चौहान को गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। वहीं, 1999 बैच के भारतीय आर्थिक सेवा अधिकारी कमला कांत त्रिपाठी को नीति आयोग के तहत प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया।
मुक्तानंद बने पीएम फसल बीमा योजना के सीईओ
अन्य प्रमुख नियुक्तियों में मुक्तानंद अग्रवाल को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रजक्ता एल वर्मा को परमाणु ऊर्जा विभाग में संयुक्त सचिव, लखपत सिंह चौधरी को कोयला मंत्रालय और साकेत कुमार को वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया। सतिंदर कुमार भल्ला को पूर्वोत्तर परिषद सचिवालय का सचिव, अजय कुमार को भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव और देवेश देवल को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया।
राघव लैंगर को एनएमसी का सचिव, ज्योति यादव को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) में संयुक्त सचिव और प्रेम चंद्र मौर्य को भारी उद्योग मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया। इसके अलावा, आर्मस्ट्रांग पामे उच्च शिक्षा विभाग और समीर कुमार राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) में संयुक्त सचिव होंगे। प्रदीप कुमार झा और ईशा को आवास और शहरी कार्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया।