पश्चिम बंगाल में जायजा लेने पहुंची केंद्रीय टीम के प्रमुख ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा को पत्र लिखकर उस तरीके का ब्योरा देने को कहा, जिससे किसी की मौत संक्रमण से होने या न होने की पुष्टि की जाती है।
इस पर मुख्य सचिव ने दावा किया कि केंद्र के निर्देश के अनुसार ही कदम उठाए गए हैं। दरअसल, सीएम ममता बनर्जी ने पांच डॉक्टरों की समिति गठित की है, जो मौत के कारणों की जांच करती है। राज्य के आंकड़ों पर लगातार उठ रहे सवालों के कारण केंद्र ने दो अंतर मंत्रालयी टीमों को भेजा था।
कोलकाता गई टीम के प्रमुख अपूर्व चंद्र ने पत्र में पूछा कि क्या यह समिति आईएमसीआर के निर्देशों का पालन कर रही है? देर शाम मुख्य सचिव सिन्हा ने कहा, स्वास्थ्य विभाग ने पत्रों का जवाब दे दिया है। उन्होंने माना कि राज्य में कोरोना पॉजीटिव 57 लोगों की मौत हुई है, लेकिन इनमें 39 की मौत अन्य परेशानियों से हुई। इसलिए उनकी रिपोर्ट में संक्रमण का जिक्र नहीं है।
यह जानकारियां मांगी
- डॉक्टरों की समिति के गठन वाले राजकीय आदेश की प्रति
- मामलों का ब्योरा, जिसमें समिति ने संक्रमितों की मौत हादसे या अन्य कारण से मानी
- समिति को मौत के कारण का आकलन करने में लगने वाला समय और तरीका