खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि बुंदेलखंड के बांदा जिले में भूख से एक दलित की कथित मौत के मामले की जांच के लिए एक दल वहां भेजा जाएगा। शुक्रवार को राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान भाजपा के प्रभात झा द्वारा बुंदेलखंड में बांदा जिले के एला गांव में भूख के कारण एक दलित की कथित मौत का मुद्दा उठाए जाने पर पासवान ने कहा कि देश में तमिलनाडु और केरल राज्यों को छोड़ कर सभी राज्यों में खाद्य सुरक्षा कानून लागू है।
उन्होंने इस बात पर हैरत जताई कि सब्सिडी युक्त दरों पर वितरण के लिए पूरा 100 फीसदी खाद्यान्न उठाया जाता है फिर भूख से मौत कैसे हो सकती है। उन्होंने कहा कि बिहार से ऐसी खबर आने के बाद वहां भी एक दल भेजा गया था।