भारत सरकार ने कहा है कि टीकाकरण करने वाले व्यक्ति को सलाह दी जाती है कि हर वॉयल (शीशी) को खोलने की तारीख और समय नोट करें। सभी वैक्सीन वॉयल को खुलने के चार घंटे के अंदर उपयोग कर लेना चाहिए। इसलिए, वैक्सीन की बर्बादी एक फीसदी या उससे कम होने की उम्मीद बिल्कुल भी अनुचित नहीं है। यह तार्किक है और इसे प्राप्त किया जा सकता है। इसके साथ ही सरकार ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के चक्र को तोड़ने से स्वास्थ्य ढांचे पर कम दबाव सुनिश्चित होता है और इससे सेवाएं बेहतर होती हैं।
मंत्रालय ने बताया कि अब तक टीके की कुल 24 करोड़ 44 लाख छह हजार 96 खुराकों (बर्बाद हुए टीकों समेत) का इस्तेमाल हुआ है। उसने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 रोधी टीकों की कुल एक करोड़ 17 लाख 56 हजार 911 खुराकें अब भी मौजूद हैं। इसके अलावा, अगले तीन दिन में और 38 लाख 21 हजार 170 खुराकें उन्हें उपलब्ध करवाई जाएंगी।